छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मदिवस 19 फरवरी को स्वराज दिवस घोषित करने की मांग
रायपुर। छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी और महाराष्ट्र मंडल रायपुर के पदाधिकारियों ने 23 मई की शाम राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य भेंट की। सिविल सोसायटी और महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के जन्मदिवस 19 फरवरी को प्रदेश में "स्वराज दिवस" के रूप में घोषित करने की मांग से संबंधित करीब 5 हजार लोगों के हस्ताक्षर सहित आवेदन सौंपे।
छत्तीसगढ सिविल सोसायटी के अध्यक्ष डा. कुलदीप सोलंकी ने बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज भारत के महान योद्धा और स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं। उन्होंने मुगल साम्राज्य के खिलाफ लड़कर हिंदवी स्वराज की स्थापना की तथा भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। शिवाजी महाराज केवल एक योद्धा ही नहीं थे, बल्कि एक महान प्रशासक और विजनरी भी थे। उन्होंने एक मजबूत और स्वतंत्र भारत का सपना देखा था।
महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने बताया कि शिवाजी महारा, देवी अहिल्याबाई होल्कर और वीर सावरकर के प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल करने एवं राज्य के युवाओं को सावरकर प्रेरणादायी स्थल अंदमान निकोबार की शैक्षणिक यात्रा कराने से भविष्य के युवाओं को राष्ट्र प्रेम समर्पण धैर्य सीखने का अवसर मिलेगा जो राष्ट्र के लिए आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने स्वराज दिवस, सावरकर यात्रा एवं शिवाजी, अहिल्याबाई, सावरकर प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल किए जाने के निवेदन में सहमति व्यक्त करते हुए क्रियान्वयन का आश्वासन दिया है। चर्चा में छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के अध्यक्ष डॉ कुलदीप सोलंकी, शिक्षाविद संजय जोशी, महाराष्ट्र मंडल अध्यक्ष अजय मधुकर काले, बृहन महाराष्ट्र मंडल छत्तीसगढ कार्यवाह सुबोध टोले सहित अन्य पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।