रायपुर

इंडियन रोड कांग्रेस अधिवेशन की शुरुआत करेंगे गडकरी.... दुर्घटना रोकने पर होगा मंथन

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आज यानी 8 नवंबर से 11 नवंबर तक होने वाले इंडियन रोड कांग्रेस (आईआरसी) के 83वां वार्षिक अधिवेशन की औपचारिक शुरुआत शाम 4:30 बजे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इस अधिवेशन में आईआरसी की ओर से दोपहिया वाहनों से हो रहे हादसों को रोकने के लिए विशेष तकनीकी सत्र पर चर्चा और मंथन कराया जाएगा। इसमें देशभर के इंडियन इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) सहित अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों से इंजीनियरिंग के विद्यार्थी, शोधार्थी व शिक्षक शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने बताया कि अधिवेशन में सड़क, पुल-पुलिया निर्माण की आधुनिक तकनीक पर चर्चा होगी। आईआरसी ने अब तक फोर लेन, सिक्स लेन, सर्विस रोड जैसी गाइडलाइन दी है मगर अभी दोपहिया वाहनों से हादसे रोकने की सबसे अधिक चुनौती है। इस तरह के हादसों में रोड इंजीनियरिंग ही जिम्मेदार होती है। इसमें सड़क की बनावट कैसी है, मोड़ किस तरह बने हैं, सड़क का सरफेस कैसा हो, दोपहिया वाहनों सुरक्षा का मानक क्या होना चाहिए, इन मुद्दों को समझना जरुरी है।

आईआरसी के सेक्रेटरी जनरल एसके निर्मल ने दोपहिया वाहनों से हो रहे हादसों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आईआरसी गाइडलाइन तय करता है। राज्य सरकारों का दायित्व है कि वह उसका पालन कराएं। उन्होंने कहा कि ब्लैक स्पाट को लेकर प्रश्न पर निर्मल ने कहा कि किसी सड़क या रास्ते पर एक ही जगह बार-बार हादसे होना चिंता का विषय है। यह सरकार की पहली प्राथमिकता में है कि ऐसे जगहों की सड़क मे सुधार करें।