रायपुर

‘सहयोग’ ने दिवाली मिलन के साथ मनाया सदस्यों का जन्मदिन

- आर्केस्ट्रा के गीतों के साथ काव्य पाठ का भी हुआ आयोजन

रायपुर। वरिष्ठ नागरिक मंच चौबे कालोनी के सहयोग ग्रुप द्वारा भगिनी मंडल चौबे कालोनी रायपुर में अध्यक्ष अपर्णा काळेले की अध्यक्षता में  दिवाली मिलन कार्यक्रम और सदस्यों को जन्मदिन एक साथ मनाया गया। इस अवसर पर आर्केस्ट्रा के गीतों की कुछ धुन केसियो द्वारा प्रस्तुत करने के साथ कुछ सदस्यों ने काव्य पाठ भी किया। रोचक और रायपुर शहर से जुड़े ऐतिहासिक प्रश्नोत्तरी ने कार्यक्रम को और भी रोचक बना दिया।

कार्यक्रम की शुरूआत गणपति स्तोत्र के साथ हुई। वहीं गणपति वंदना के बाद ग्रुप के सदस्य सुरेश कोडापे, रंजना काठोठे, विद्या झाडे, अर्चना मराठे एवं सुलभा शेवलीकर का जन्मदिन विधिवत श्रीफल मिठाई एवं तिलक लगाकर आरती उतारकर किया गया। कार्यक्रम उस वक्त ज्यादा रोचक हो गया जब आयोजकों ने राजधानी रायुपर के पुराने भवनों और इतिहास से जुड़ी रोचक जानकारी के सवाल पूछे। इसमें सभी ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम को सदस्य अरविंग वाघ ने पूरे जिम्मेदारी से संभाला।

कार्यक्रम की अगली कड़ी में चोरनेले और वाघ ने काव्य पाठ किया। वहीं आनंद मोखरीवाले और शरद जोशी ने मधुर गायन प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। सदस्य बोरवणकर ने आर्केस्ट्रा के कुछ गीतों की धुन केसियो द्वारा प्रस्तुत कर कार्यक्रम को पूरी तरह संगीतमय कर दिया। अगली कड़ी में वरिष्ठ सदस्य रविकांत भागवत ने अत्यंत सरल शब्दों में नवग्रह की जानकारी दी। और बताया कि कैसे ग्रह हमारे जीवन में असर डालते है। कार्यक्रम की व्यवस्था रविकांत भागवत और दीपक पात्रीकर ने दी। कार्यक्रम का संचालन अरविंद वाघ ने किया। अंत में सभी ने पूरण पोळी के साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।