रविवि के सोमेश्वर युवा उत्सव की राष्ट्रीय परिचर्चा में चयनित... जोन स्तर पर कई विधाओं में टीम ने किया प्रदर्शन
रायपुर। भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU), नई दिल्ली के तत्वावधान में 38वां साउथ ईस्ट जोन अंतर-विश्वविद्यालयीय युवा उत्सव दिनांक 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक क्राइस्ट यूनिवर्सिटी, बैंगलोर में संपन्न हुआ। इस आयोजन में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर की 49 सदस्यीय टीम ने डॉ. लक्ष्मीकांत , श्री गणेश राम बेनर्जी और सुश्री रोली जांगड़े के नेतृत्व में सक्रिय भागीदारी की। टीम ने भारतीय संस्कृति से जुड़ी 15 विभिन्न विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस प्रतिष्ठित उत्सव के दौरान परिचर्चा में सोमेश्वर प्रसाद गंजीर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और अब वह राष्ट्रीय युवा उत्सव में भाग लेंगे। यह प्रतिष्ठित आयोजन भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) द्वारा आयोजित किया जाएगा। जिसकी मेजबानी एमिटी यूनिवर्सिटी उत्तर प्रदेश, नोएडा द्वारा 3 मार्च से 7 मार्च 2025 तक की जाएगी। सोमेश्वर प्रसाद गंजीर की परिचर्चा में प्रथम स्थान प्राप्ति न केवल उनकी व्यक्तिगत योग्यता का प्रमाण है, बल्कि विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है। राष्ट्रीय युवा उत्सव में सोमेश्वर की भागीदारी पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के नाम को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेगी।
क्लासिकल डांस में आनंदित तिवारी ने चौथा स्थान, फोक डांस में सरिता बंजारे और उनकी टीम को पांचवां स्थान मिला। वाद-विवाद प्रतियोगिता में सोमेश्वर प्रसाद गंजीर और वेप्रल सौम्य ने पांचवां स्थान, वन-एक्ट प्ले में भूमिका और उनकी टीम को पांचवां स्थान, कार्टूनिंग में कृति को चौथा स्थान मिला।
इसके अतिरिक्त, विश्वविद्यालय ने साहित्यिक विधाओं में अपनी शानदार प्रदर्शन से ओवरऑल लिटरेरी इवेंट्स श्रेणी में द्वितीय रनर-अप का खिताब भी हासिल किया। इस युवा उत्सव में कुल 27 विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने इस आयोजन में पहली बार अधिकांश प्रतियोगिताओं में शीर्ष पांच में स्थान बनाकर अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई।