24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता 27 से 31 दिसंबर तक... तैयारियां शुरू
रायपुर। राजधानी रायपुर में 24वीं राष्ट्रीय वनवासी क्रीड़ा प्रतियोगिता की तैयारियां तेज हो गई है। अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम से संम्बद्ध संस्था वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित की जा रही यह प्रतियोगिता 27 से 31 दिसम्बर तक राजधानी रायपुर में होगी।
वनवासी विकास समिति छत्तीसगढ़ के सचिव डा. अनुराग जैन ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 23 राज्यों के आठ सौ से अधिक जनजातीय बालक-बालिकाएं भाग लेंगे। प्रतियोगिता में फुटबॉल और तीरंदाजी की प्रतिस्पर्धायें होंगी। फुटबॉल की प्रतिस्पर्धाएं कोटा स्टेडियम और पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय मैदान पर होंगी। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
डा. जैन ने आगे बताया कि आयोजन के शुभारंभ 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे होगा। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया होंगे। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्ण देव साय करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रुप में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष सत्येद्र सिंह उपस्थित रहेंगे। वहीं छत्तीसगढ़ के आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम विशेष अथिति के रुप में शामिल होंगे।
वहीं दूसरी ओर समापन समारोह का आयोजन 31 दिसंबर को सुबह 11 बजे होगा। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में छत्तीसगढ़ के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा शामिल होंगे। अतिथिवृन्द के रुप में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एचके नागू और वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री अतुल जोग शामिल होंगे।
डा. अनुराग जैन ने आगे बताया कि देशभर में जनजातीय खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान करने और उन्हें पहचान कर भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इस बार 24वीं प्रतियोगिता राजधानी रायपुर में हो रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में अण्डमान निकोबार से लेकर दिल्ली, पंजाब तक के लगभग 23 राज्यों से जनजातीय खिलाड़ी शामिल होंगे। तीरंदाजी की प्रतियोगिता जूनियर और सब जूनियर वर्ग में बालक-बालिकाओं के लिए होगी। फुटबॉल प्रतियोगिता में जूनियर सब जूनियर वर्ग में जनजातीय बालक अपने खेल का जौहर दिखाएंगे।