रायपुर

8वीं रिंग फाइट नेशनल स्पर्धाः प्रतिभागियों को मंडल ने भेंट किए ट्रैक सूट, किट

0-  नेशनल स्पर्धा में भाग लेने छत्तीसगढ़ की टीम कल होगी रवाना

0- एसोसिएशन के संरक्षक ने किया बच्चों का उत्साहवर्धन

रायपुर। आठवीं रिंग फाइट नेशनल प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 29 दिसंबर तक आंध्रप्रदेश के कर्नूल जिले में किया जा रहा है। इस नेशनल स्पर्धा में 22 राज्यों की टीम हिस्सा लेगी। छत्तीसगढ़ की टीम पहली बार इस स्पर्धा में भाग लेने जा रही है। छत्तीसगढ़ रिंग फाइट एसोसिएशन ने स्पर्धा में भाग लेने के लिए 11 खिलाड़ियों का चयन किया हैं, जिन्हें मंगलवार को महाराष्ट्र मंडल में ट्रैक सूट और किट दिया गया।

कार्यक्रम में एसोसिएशन के संरक्षक अजय मधुकर काले और अध्यक्ष चेतन गोविंद दंडवते ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपनी शुभकामनाएं दी। अजय काले ने प्रतिभागियों से कहा कि आपका चयन होना ही आपकी आधी जीत को पक्की करता है। अब यहां से रवाना होने से लेकर प्रतियोगिता में शामिल होते तक सिर्फ जीत के बारे में सोचना ही आपको जीत दिलाएगा। ऐसी स्पर्धाओं में हार- जीत लगी रहती है, लेकिन आप सभी पूरी लगन और जीतने की जिद के साथ खेलना। सच्ची लगन और जुनून ही सफलता का आधार होती है।

एसोसिएशन के महासचिव ओपी कटारिया ने बताया कि 27 से 29 दिसंबर को आंध्रप्रदेश में होने वाले नेशनल गेम्स के लिए छत्तीसगढ़ की टीम गुरुवार को सुबह 11 बजे वैनगंगा एक्सप्रेस से रवाना होगी। 11 सदस्यीय टीम में जतिन साहू, तारक प्रसाद साहू, डुमेश्वरी साहू, मुरली मनोहर साहू, वर्तिका क्षीरसागर, चितेश साहू, खिलेंद्र कुमार साहू, अक्षत चंद्राकर, लक्ष्मी नारायण साहू, मीनाक्षी साहू, पुष्कर साहू के साथ कोच प्रवीण क्षीरसागर (पुरुष वर्ग) और मालती मिश्रा (महिला वर्ग) साथ में जाएंगे।  स्पर्धा में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ी 12 से 22 वर्ष की आयु वर्ग के हैं। स्पर्धा अलग- अलग आयु वर्ग और वजन के अनुसार होगी। इस अवसर पर एसोसिएशन की गीता श्याम दलाल, सुबोध टोले, हेमंत मार्डीकर और दीपक पात्रीकर विशेष रुप से उपस्थित थे।