रायपुर

पत्रकार मुकेश चंद्राकर की हत्या को लेकर बीजापुर में चक्काजाम... रायपुर में राजभवन तक शांति मार्च आज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के पत्रकार मुकेश चंद्राकर की निर्मम हत्या के मामले को लेकर बीजापुर के पत्रकार और नागरिकों ने स्वस्फूर्त शहर बंद कर चक्का जाम कर दिया है। पत्रकारों की मांग है कि हत्याकांड में शामिल सभी हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। वहीं रायपुर प्रेस क्लब के बाहर 4 जनवरी को साथी दोपहर 1 बजे धरना देंगे. धरना के बाद राजभवन तक शांति मार्च करेंगे।

पत्रकार इस हत्याकांड में बीजापुर एसपी और आरोपी ठेकेदार के सम्बन्धों की जांच और एसपी को तत्काल हटाये जाने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा आरोपी ठेकेदार के वैध अवैध सभी संपत्तियों की कुर्क करने और सभी सरकारी टेंडर निरस्त कर बैंक खाते सीज करने की भी मांग रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने दिल्ली से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि बीजापुर एसपी 2 जनवरी की रात 3 बजे ठेकेदार सुरेश चंद्राकर की साइट पर गए थे, जहां से 3 जनवरी की देर शाम मुकेश चंद्राकर की लाश बरामद की गई। लोकेशन कि जानकारी देने के बाद भी एसपी उस जगह की तलाशी नहीं ले रहे थे। पत्रकारों ने एसपी को हटाने के बाद ही मुकेश के अंतिम संस्कार का निर्णय लिया है।