रायपुर

‘एक पौधा मां के नाम’ को मुंह चिढ़ा रहे रविवि के अधिकारी... पेड़ों पर चलाया टंगिया

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश एक पौधा मां के नाम अभियान से जुड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर में वहां सेवा देते हुए कक्ष अधिकारी प्रदीप कुमार मिश्रा ने रविवि प्रशासन की लिखित अनुमति के साथ अपने परिजनों के नाम पौधरोपण कोरोना संक्रमण काल के पहले किया। पौधरोपण के बाद उसमें ट्री गार्ड लगवाया, लोगों के बैठने के लिए सीमेंटेड कुर्सियां लगाई। लगातार तीन साल तक प्रतिदिन सुबह इन पेड़ों में पानी डालने जाया करते थे। पेड़ों ने जमीन पर अपना अस्तित्व स्थापित कर लिया था। वर्तमान में रविवि के  यांत्रिकी विभाग के एक जिम्मेदार अधिकारी ने इन पेड़ों पर टंगिया चलवा दिया है। इस अधिकारी की करतूत मानों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पौधा मां के नाम को मुंह चिढ़ा रही हो।

पंडित रविशंकर शुक्ल विवि कर्मचारी संघ के पूर्व सचिव प्रदीप कुमार मिश्र एवं सेवानिवृत कक्ष अधिकारी ने बताया कि उन्होंने विवि से अनुमति लेकर अपने पूर्वजों की स्मृति में पीपल, नीम, बरगद, आम आदि के पेड़ के साथ बेर, आम, जामुन, काजू, बादाम, अमरुद, पपीता, आवला, करौंदा, नीबू आदि के पेड़ लगाए हैंl पंडित रविशंकर शुक्ल की आदमकद मूर्ति के चारो ओर विवि से अनुमति लेकर सीमेंटेड कुर्सियां भी लगवाई है।

उन्होंने बताया कि 12 सितंबर 2024 को विवि स्थित भारतीय स्टेट बैंक गए थे, तब उन्होंने देखा की उनके द्वारा उनके पिताश्री प्रीतिनंदन मिश्र की स्मृति में मूर्ति चौक में  रोपित बेर का पेड़ को काट दिया गया है।  प्रदीप मिश्रा ने रविवि के कुलपित और रायपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर बिना अनुमति पेड़ों को काटने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शासन अगर ऐसे लोगों को कार्रवाई तय नहीं करेगा तो लोग पौधरोपण के प्रति जागरूक नहीं होंगे।