‘मिले सुर हमारा’ ने आकाशवाणी में आयोजित गणेशोत्सव की संगीत संध्या पर मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का जीता दिल
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सदस्यों की ‘मिले सुर हमारा’ टीम ने आकाशवाणी कालोनी परिसर पर आयोजित गणेशोत्सव में संगीत संध्या पर मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रोताओं को दिल जीत लिया। बतादें कि आकाशवाणी कॉलोनी परिसर में विगत 25 वर्षों से गणेश उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

गणेश उत्सव समिति के अध्यक्ष प्रभाकर थिटे ने बताया कि प्रतिवर्ष भजन गजल और लोकगीत के साथ बच्चों के लिए विशेष रूप से जादू और कठपुतली नाच का भी कार्यक्रम रखा जाता है। पद्मश्री पुरस्कार प्राप्त ममता चंद्राकर और राजशेखर बोस और कई बड़े कलाकारों ने इस मंच पर अपनी प्रस्तुति दी।

इस बार 25वां वर्ष होने के उपलक्ष्य में महाराष्ट्र मंडल रायपुर की ‘मिले सुर हमारा’ की टीम को गाने के लिए आमंत्रित किया गया था। सुरीली संध्या के संगीत कार्यक्रम में महाराष्ट्र मंडल के ‘मिले सुर हमारा’ की टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रोताओं का दिल जीता लिया। कार्यक्रम की शुरुआत हर्षिका ध्रुव ने बप्पा के गाने से की। आचार्य रंजन मोड़क के मंच संचालन करने के तरीके से आकाशवाणी के बड़े अफसर भी मंत्रमुग्ध हो गए।

इस कार्यक्रम में मंडल के सहसचिव सुकृत गनोदवाले, सुमीत मोडक, भारती पलसोदकर, अंकित किरवई, प्रसन्न वरहाड़पांडे, दीक्षा वरहाड़पांडे, देविका देशपांडे, वैभव शाह, पंकज गुप्ता, अस्मिता कुसरे ने अपने गानों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। इस कार्यक्रम में आकाशवाणी कॉलोनी के कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दी। आयोजन समिति के संरक्षक एसके श्रीवास्तव ने टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि मैं सुकृत को पिछले 10 वर्षों से जानता हूं जब वह यहां काम करता था पर उसका यह रूप मैंने पहली बार देखा है। इस कार्यक्रम मे सचिव रामजी ध्रुव और विजय भूरे ने अहम भूमिका निभाई।
