रायपुर

हुल्ला हूप के साथ हरि स्तोत्र में डांस कर 6 साल की नुर्वी ने बटोरी तालियां

रायपुर। हुल्ला हूप के साथ हरि स्तोत्र में डांस कर 6 साल की नुर्वी वासनिक महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर सभागृह में खूब तालियां बटोंरी। महाराष्ट्र मंडल में शहीद मेजर यशवंत गोरे स्मृति गणेशोत्सव के सातवें दिन कमल ताई शेष स्मृति सुगम संगीत स्पर्धा में यह दृश्य देखने को मिला। यहां राजधानी रायपुर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के साथ दिव्यांग महाविद्यालय माना और इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के दिव्यांग छात्रों सहित करीब 40 प्रतिभागियों ने गजल और भजनों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों से संगीतप्रेमी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम की आयोजक रंजन मोडक ने बताया कि सुगम संगीत स्पर्धा में निर्णायक भूमिका रमेश पालकर और धर्मेन्द्र सिंहदेव ने बखूबी निभाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, मंडल के वरिष्ठ आजीवन सभासद विनोद शेष रहे, जिन्होंने अपनी मां की स्मृति में यह संगीतमय प्रतियोगिता करवाई है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडळ अध्यक्ष अजय काळे ने की। वहीं मंडळ के सचिव चेतन दंडवते भी विशेष रुप से उपस्थित थे।  कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्जवलन के साथ किया गया। अतिथियों और निर्णायकों का स्वागत शाल और श्रीफल भेंटकर किया गया।