रायपुर

कलयुग में रक्तदान ही सबसे बड़ा दान : विधायक पुरंदर मिश्रा

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर रक्तदान एवं मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ तथा श्री बालाजी हॉस्पिटल रायपुर और रोटरी क्लब वेस्ट रायपुर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया।  कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा के मुख्य आतिथ्य में एवं प्रो. सच्चिदानंद शुक्ल कुलपति पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की अध्यक्षता में हुई।  इस अवसर पर पुरंदर मिश्रा ने रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए यह कहा कि रक्तदान कलयुग का महादान है, क्योंकि कलयुग में पुण्य नहीं बचा है और और पुण्य काम करने वाले व्यक्ति का जीवन सफल हो जाता है ऐसे में रक्तदान करना न केवल अपने सामाजिक दायित्व का निर्वहन है बल्कि अपने शरीर को स्वस्थ रखने और आध्यात्मिक रूप से मन को प्रसन्न रखने का भी माध्यम है। 
 
इस अवसर पर प्रो. कुलपति सच्चिदानंद शुक्ल ने विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना परिवार को बधाई देते हुए यह कहा कि 21वीं शदी में हमारे समक्ष स्वास्थ्य गत अनेक चुनौतियां हैं और उन चुनौतियों से निपटने में युवाओं का स्वस्थ होना आवश्यक है रक्तदान और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण ऐसी विधि है जिससे हम अपने आपको न केवल स्वस्थ रख सकते हैं बल्कि समाज में अपना महत्वपूर्ण योगदान भी दे सकते हैं।  इस अवसर पर धन्यवाद ज्ञापन रोटरी क्लब के अध्यक्ष विष्णु गोयल के द्वारा दिया गया।
 
स्वास्थ्य शिविर में पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के 360 से अधिक कर्मचारी छात्र एवं शिक्षक लाभान्वित हुए।  साथ ही 70 यूनिट रक्त का दान किया गया कार्यक्रम  को सफल बनाने में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्यवक प्रो. एल.एस.गजपाल, अध्ययनशाला इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ. कमलेश शुक्ला, वरिष्ठ स्वयंसेवक फलेंद्र कुमार, दीपक कुमार , सुमित कुमार पटेल, आशीष कुमार, प्रकाश यदु, रितु, दीक्षा, सीमा , रोशनी, पिंकी, कल्याणी एवं अन्य स्वयं सेवको का विशेष सहयोग रहा।