रायपुर

आज रात ओडिशा से टकराएगा ‘दाना’… छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर, बस्तर में अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान दाना24 अक्टूबर की देर रात करीब 2 बजे ओडिशा के तट से टकराएगा। इसका असर पश्चिम बंगाल पर भी होगा। तटीय इलाकों  में इस वक्त 70kmph की रफ्तार से हवा चल रही है। दक्षिण और उत्तर छत्तीसगढ़ में 25 और 26 अक्टूबर को देखने को मिलेगा।

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि गुरुवार को एक चक्रवाती तूफान दाना ओडिशा और पश्चिम बंगाल की खाड़ी में तब्दील होने की प्रबल संभावना है, लेकिन इसका ज्यादा असर छत्तीसगढ़ में फिलहाल देखने को नहीं मिलेगा। इतना जरूर है कि इसकी वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़, मध्य छत्तीसगढ़ और उत्तर छत्तीसगढ़ में 25 और 26 अक्टूबर को बारिश होगी।

तूफान ओडिशा में भितरकनिका नेशनल पार्क और धामरा पोर्ट के पास लैंड करेगा। भुवनेश्वर मौसम केंद्र के मुताबिक लैंडफॉल प्रोसेस 5 घंटे चलेगी। तूफान 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ओडिशा के उत्तरी हिस्से से गुजरेगा। तटीय इलाकों पर 20 सेमी बारिश हो सकती है। भद्रक, केंद्रपाड़ा सहित कुछ स्थानों पर 30 सेमी यानी 12 इंच (एक फुट) से ज्यादा बारिश हो सकती है। ओडिशा के 14 जिलों में 10 लाख लोगों को शिफ्ट किया गया है।

भुवनेश्वर और कोलकाता एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम 5 बजे से 25 अक्टूबर सुबह 9 बजे तक 16 घंटे करीब 300 फ्लाइट्स कैंसिल रहेंगी। इधर साउथ ईस्ट रेलवे ने 150, ईस्ट कोस्ट रेलवे ने 198, ईस्टर्न रेलवे ने 190 और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। कुल 552 ट्रेनें रद्द की गई हैं।