छत्तीसगढ़ के आईपीएस के बेटे ने IPL में रचा इतिहास... नीलामी में धोनी को पछाड़ा
रायपुर। IPL 2025 की नीलामी में छत्तीसगढ़ के युवा क्रिकेटर शशांक सिंह ने इतिहास रच दिया। पंजाब किंग्स ने शशांक को 5.50 करोड़ रुपये में रिटेन किया, जो टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की नीलामी कीमत (5 करोड़) से भी ज्यादा है। यह उपलब्धि न केवल शशांक के करियर बल्कि छत्तीसगढ़ के क्रिकेट इतिहास के लिए भी मील का पत्थर है।
नीलामी में छत्तीसगढ़ के कुल 7 खिलाड़ी शामिल हुए, लेकिन अजय मंडल और शशांक सिंह ने बाजी मारी। अजय मंडल को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा, जबकि शशांक को पंजाब किंग्स ने भारी-भरकम राशि देकर रिटेन किया।
भिलाई के रहने वाले शशांक सिंह IPS अधिकारी शैलेष सिंह के बेटे हैं। उनकी मां सुनीता सिंह एक गृहिणी हैं, और बहन स्रुतिका सिंह ओएनजीसी में कार्यरत हैं। शशांक ने दिल्ली कैपिटल्स, राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमों के लिए खेला है। IPL 2022 में शशांक ने हैदराबाद के लिए खेलते हुए गुजरात के खिलाफ 416.67 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 25 रन बनाए थे, जिसमें उन्होंने लॉकी फर्ग्यूसन के ओवर में तीन छक्के लगाकर सभी को चौंका दिया था।