छत्तीसगढ़

एसडीएम की गाड़ी से बच्चे को लगी ठोकर,. नशे में था चालक... गाड़ी में एसडीएम थे मौजूद

रायपुर। प्रदेश के गरियाबंद जिले के देवभोग में एसडीएम की गाड़ी के चालक ने एक निजी स्कूल के बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। पहली कक्षा में पढ़ने वाला यह बच्चा छुट्टी के बाद स्कूल से घर जा रहा था। एसडीएम की गाड़ी की टक्कर से बच्चा घायल हो गया। जिसे अस्पताल ले जाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, देवभोग एसडीएम तुलसी दास मरकाम ड्यूटी पर निकले हुए थे। बस स्टैंड के आगे निकले तभी सरकारी वाहन ने छात्र को टक्कर मार दी, जिससे छात्र गंभीर रू से घायल हो गया। हादसे के बाद वहां मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। एसडीएम भी कुछ ही देर में अस्पताल पहुंचे।

हादसे के बाद बच्चे के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। यादव समाज के अध्यक्ष सुशील यादव भी अस्पताल पहुंचे और देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आरोपी चालक की मेडिकल जांच (एमएलसी) कराने की मांग की है। वहीं देवभोग थाना प्रभारी आरोपी चालक लेखराम ठाकुर के खिलाफ एमएलसी प्रपत्र भरा और डॉक्टर ने जांच में चालक के शरीर से 156 प्वाइंट एल्कोहल की पुष्टि किया।

मामले में थाना प्रभारी गौतम गावड़े ने कहा कि डॉक्टर ने एल्कोहल की पुष्टि किया है। बल्ड यूरीन जांच रिपोर्ट आना बाकी है। फिलहाल मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है। SDM तुलसी दास के वाहन का 15 दिन के भीतर यह दूसरा हादसा है। 13 नवंबर की रात उनकी निजी वाहन धवलपुर के पास टकरा गई थी। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.वाहन उस दिन नायब तहसीलदार चला रहे थे, एसडीएम बैठे हुए थे।