कांग्रेस पार्षद की धमकी से बिफरा विपक्ष... बजट छोड़ सदन से वॉक आउट... पीएम मोदी और मंत्रियों पर तनातनी
2023-03-31 05:51 PM
377
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर नगर निगम का बजट आज पेश किया गया। महापौर सफीरा साहू ने जैसे ही बजट भाषण शुरु किया, विपक्ष ने हंगामा शुरु कर दिया। निगम के नेता प्रतिपक्ष ने मुद्दा उठाया कि योजनाओं के नाम के आगे आबकारी मंत्री कवासी लखमा और सांसद दीपक बैज के नाम क्यों लिखे गए हैं, जबकि शहर विकास के लिए उन्होंने अपनी निधि से कुछ भी खर्च नहीं किया है। शहर में जो भी काम हो रहा है, केंद्रीय योजनाओं के तहत हो रहा है, तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम क्यों नहीं लिखा गया है..?
इस मामले को लेकर सदन में करीब एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। पक्ष का आरोप है कि विपक्षी पार्षदों ने मुर्दाबाद के नारे लगाए हैं। वहीं विपक्ष का कहना है कि उनकी ओर से मुर्दाबाद के नारे नहीं लगाए गए, उसके बावजूद कांग्रेस पार्षद विक्रम डांगी ने टेबल ठोकर विपक्ष को धमकी दी है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सदन में विपक्ष का अपमान किया गया है, जिसकी वजह से उन्होंने वॉक आउट कर दिया।
BJP पार्षदों का कहना है कि, इस बार का बजट पिछले बार के बजट का कॉपी पेस्ट है। पहला बजट 59 लाख घाटे का, दूसरा बजट 31 लाख , तीसरा बजट 58 लाख घाटे का और आज जो चौथा बजट पेश किया गया है वह भी 95 लाख 35 हजार रुपए घाटे का है। भाजपाइयों ने कहा कि, किसी एक भी मद को कम कर दिया जाए तो फायदे का बजट होगा। सिर्फ जनता को गुमराह करने के लिए घाटे का बजट पेश किया गया है।
भाजपा पार्षदों के आरोपों के बाद महापौर सफीरा साहू ने कहा कि मैं सर्व सहमति से बजट पास करवाना चाहती थी। लेकिन, विपक्ष नहीं चाहता है कि शहर का विकास हो। विपक्ष का सिर्फ एक ही काम है सत्ता पक्ष के खिलाफ बयानबाजी करना। अगर वाकई विपक्ष शहर का विकास चाहती है तो उन्हें शांतिपूर्वक बैठकर पूरी बातें सुननी थी। हम तैयार थे। दादागिरी की शुरुआत हम लोगों ने नहीं की। उनकी तरफ से हमारे पार्षदों को भड़काने की कोशिश की गई। प्रभारी मंत्री और सांसद के खिलाफ भी बातें की गई। जो गलत था। उन्होंने कहा कि, भाजपाई अंग्रेजों की तरह फूटडालो और राज करो की नीति अपना रहे हैं।