एनटीपीसी कोरबा ने युवाओं को कौशल विकास के लिए दिया मशीन ऑपरेटर का प्रशिक्षण
2023-04-09 12:51 PM
286
रायपुर। एनटीपीसी कोरबा ने अपने सामाजिक दायित्व प्रयासों के अंतर्गत परियोजना प्रभावित एवं आसपास के ग्रामों के वंचित युवक- युवतियों के कौशल विकास एवं रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सीपेट के माध्यम से 3 माह का "मशीन ऑपरेटर सहायक-इंजेक्शन मोल्डिंग" कौशल विकास का नि:शुल्क प्रशिक्षण का आयोजन किया। प्रशिक्षण में 40 युवाओं ने सहभागिता निभाई। प्रशिक्षण के बाद सभी प्रशिक्षणार्थियों का बैंगलुरु की प्लास्टिक कंपनी में प्लेसमेंट हो गया।
एनटीपीसी कोरबा द्वारा प्रशिक्षण के सम्पूर्ण खर्च के साथ–साथ प्रशिक्षणार्थियों को एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से 3 माह की छात्रवृत्ती भी प्रदान की गई। 5 अप्रैल को सीपेट कोरबा केंद्र में प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सफल प्रशिक्षुओं को कोर्स पूरा करने के प्रमाण पत्र और प्लेसमेंट ऑफर लेटर दिया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख बी रामचंद्र राव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान बीआर राव ने कहा “एनटीपीसी कोरबा सीपेट के साथ मिलकर आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है। ‘मशीन ऑपरेटर सहायक-इंजेक्शन मोल्डिंग’ कार्यक्रम का यह दूसरा बैच है। इससे पहले की बैच को भी 100 फीसद प्लेसमेंट मिला था।
उक्त कार्यक्रम में एनटीपीसी कोरबा के मानव संसाधन प्रमुख प्रभात राम, उप महाप्रबन्धक मानव संसाधन, बिजय कुमार स्वाइन, सीएसआर के प्रतिनिधि एवं सीपेट कोरबा के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।