जांजगीर-चांपा जिले के जिला जेल में बंद कैदी ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। नाबालिग लड़की से रेप के मामले में उसे 20 साल की सजा हुई थी। जिसके बाद युवक ने यह कदम उठाया है। उसके पास से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने लिखा है कि जितना गुनहगार मैं हूं, उतनी तुम भी हो, प्यार एकतरफा नहीं होता। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
नवागढ़ पुलिस से नाबालिग के परिजनों ने शिकायत की थी। जिसमें बताया गया था कि उनकी लड़की घर से लापता हो गई है। उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। इस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था और तलाश कर रही थी। इस बीच लड़की पुलिस को मिल गई। उसने बताया था कि खैरा गांव निवासी बनवारी कुमार कश्यप(24) ने उसे शादी का झांसा दिया था और उससे रेप किया है।
लड़की के बयान के बाद पुलिस ने बनवारी कुमार कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद से वो खोखरा स्थित जिला जेल में बंद था। इस बीच 5 अप्रैल 2023 को जिला कोर्ट के विशेष न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने दुष्कर्म और पाक्सो के मामले में बनवारी को 20 साल की सजा सुनाई थी।
गमछे से बनाया फंदा
बताया गया कि शनिवार शाम को बनवारी ने जेल के बैरक नंबर 10 में फांसी लगाई है। उसने गमछे से फंदा बनाया था। इसके बाद खिड़की से फंदा लगाकर झूल गया। उधर, जब गेट बंद करने से पहले कैदियों की गिनती की जा रही थी। उस दौरान जेल प्रबंधन को एक कैदी कम मिला था। जांच करने पर बनवारी की लाश उसके बैरक पर खिड़की से लटकती हुई मिली। जिसके बाद पूरा मामला सामने आया है।