छत्तीसगढ़

बेटी पर भालुओं ने किया हमला… भिड़ गए पिता… बचा ली जान, खुद गंभीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर जिले में जंगल के भीतर भालुओं ने बच्ची पर हमला कर दिया। अपनी बेटी को बचाने के लिए पिता भालुओं से भिड़ गया। इससे भालू ने उसे जख्मी कर दिया, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई. हालांकि अपनी बेटी को मौत के मुंह से निकाल लाए।  पिता को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत को देखते हुए उन्हें मध्य प्रदेश के शहडोल स्थित जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहां उपचार जारी है. वहीं वन विभाग ने परिवार को आवश्यक आर्थिक मदद पहुंचाई है।

मामला छत्तीसगढ़ के कोरिया वनपरिक्षेत्र कोटाडोल के जंगल का है। यहां संतलाल सिंह अपनी पत्नी कलावती और बेटी संजना सिंह को लेकर जुर्ला नदी के पास तेंदुपत्ता तोड़ने के लिए गया हुआ था। तभी मादा भालू और उसके दो शावकों ने संतलाल पर हमला कर दिया। अपने पिता को खतरे में देखकर बेटी ने चिल्लाया तो भालू उस पर टूट पड़े। तब पिता संतलाल बीच में आ गए और भालुओं से मुकाबला करने लगे।

इससे भालुओं ने उनके शरीर पर जगह-जगह हमला कर दिया, जिससे हालत गंभीर हो गई। इस दौरान मां-बेटी शोर मचाती रहीं, जिससे भालु भाग निकले. इसके बाद दोनों ने आसपास जाकर लोगों को बुलाया और उनकी मदद से संतलाल को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद संतलाल को बेहतर इलाज के लिए शहडोल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है।