सुकमा में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, सर्चिंग के दौरान एक ईनामी सहित 10 नक्सली गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिलों में पदस्थ पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली। जगदलपुर बस्तर संभाग के सुकमा जिले के जंगलों से पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक हार्डकोर और ईनामी नक्सली समेत 10 नक्सलियों को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला पुलिस बल, डीआरजी सुकमा एवं 204, 206, 208 कोबरा वाहिनी की संयुक्त पार्टी नक्सल विरोधी अभियान के लिए ग्राम दुलेड़, बोट्टेतोंग, रासापल्ली, पीनाचंदा, ईरापल्ली, मेट्टामुड़ेम व आसपास क्षेत्र की ओर रवाना हुई थी। अभियान के दौरान ग्राम दुलेड़ के पास जंगल में सामान्य वेशभूषा में कुछ संदिग्ध व्यक्ति पुलिस टीम को देखकर भागने एवं छिपने लगे। घेराबंदी कर 10 व्यक्तियों को पकड़ा गया। पकड़े गए लोगों में पूर्व से ही प्रकरण पंजीबद्ध है। उक्त प्रकरणों में सभी नक्सलियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद गिरफ्तार नक्सलियों को 20 मई को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
पकड़े गए नक्सलियों में पीनाचंदा थाना पामेड़ जिला बीजापुर निवासी माड़वी बुस्का (38) एर्रनपल्ली आरपीसी मिलिशिया कमांडर है। जिस पर एक लाख रुपये का इनाम था। वहीं माड़वी जोगा (35) पेद्दाबोड़केल आरपीसी सेक्शन ए मिलिशिया डिप्टी कमांडर निवासी तिम्मापुरम गयतापारा थाना चिंतलनार जिला सुकमा, पदाम जोगा (44) ग्राम बोट्टेतोंग डीएकेएमएस सदस्य निवासी बोट्टेतोंग थाना पामेड़ जिला बीजापुर, सोड़ी गंगा (22) डीएकेएमएस सदस्य निवासी रासापल्ली स्कूलपारा थाना पामेड़ जिला बीजापुर, माड़वी हुंगा (35) एर्रनपल्ली आरपीसी मिलशिया सदस्य निवासी पीनाचंदा थाना पामेड़ जिला बीजापुर, सोड़ी मुड़ा (43) बोट्टेतोंग डीएकेएमएस सदस्य निवासी बोट्टेतोंग थाना पामेड़ जिला बीजापुर, मड़कम देवा (40) एर्रनपल्ली आरपीसी कृषि कमेटी अध्यक्ष निवासी बोट्टेतोंग थाना पामेड़ जिला बीजापुर, मड़कम हिंगा (24) बोट्टेतोंग डीएकेएमएस सदस्य निवासी बोट्टेतोंग थाना पामेड़ जिला बीजापुर, वेट्टी हुंगा उर्फ मोटू (21) एर्रनपल्ली आरपीसी मिलशिया सदस्य निवासी बोट्टेतोंग थाना पामेड़ जिला बीजापुर और मड़कम नंदा (35) एर्रनपल्ली आरपीसी मिलशिया सदस्य निवासी बोट्टेतोग थाना पामेड़ जिला बीजापुर शामिल है।