छत्तीसगढ़

कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने दुर्ग पुलिस के फालो गुड हैबिट्स 21 डे चैलेंज को सराहा

रायपुर। दुर्ग जिले के अमलेश्वर में हुए शिव महापुराण कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने व्यास पीठ से दुर्ग पुलिस द्वारा चलाए जा रहे फालो गुड हैबिट” 21 डे चैलेंज अभियान की सराहना की। उन्होंने भक्तों को इस अभियान की जानकारी देते हुए वाहन चलाते समय हेलमेट व सीटबेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की। यही नहीं दुर्ग पुलिस द्वारा कथा स्थल पर की गई पार्किंग व्यवस्था सहित सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए भी पंडित मिश्रा ने उनका आभार जताया।

बता दें रविवार को दुर्ग पुलिस द्वारा शुरू किए गए फालो गुड हैबिट” 21 डे चैलेंज का अंतिम दिन था। दुर्ग एसपी जितेन्द्र शुक्ला के निर्देश पर वाहन चालकों को वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक करने फॉलो गुड हेबिटस अभियान के तहत लगातार विगत 21 दिनों से 21 डे चैलेंज की जानकारी जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से दी गई

दुर्ग पुलिस द्वारा फालो गुड हैबिट्स 21 डे चैलेंज को अमलेश्वर में पंडित प्रदीप मिश्रा के कथा स्थल पर भी जारी रखा। यहां दुर्ग पुलिस द्वारा पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाएं संभाली गई और कथा स्थल पर पहुंचे श्रद्धालुओं को भी अभियान से जोड़ा। यहां आने वाले वाहन चालकों को अभियान की जानकारी देने के साथ ही उन्हें 21डे चैलेंज से भी जोड़ा। यही नहीं कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने दुर्ग पुलिस के अभियान की सराहना करते हुए कथा स्थल पर पहुंचे लगभग दो लाख लोगों से हेलमेट व सीटबेल्ट लगाकर वाहन चलाने की अपील की। यही नहीं दुर्ग पुलिस के द्वारा शिवमहापुराण के दौरान  किये गये यातायात व्यवस्था, मंच व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था  एवं पुरे 07 दिन लगन और मेहनत से की गयी ड्यूटी की महराज ने प्रशंसा की।