छत्तीसगढ़

नक्सली मुठभेड़ः आठ लाख के इनामी-कमांडर समेत 7 नक्सली ढेर, तीन जवान घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में तैनात फोर्स के जवानों को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नक्सल ऑपरेशन में निकले जवानों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया है। दंतेवाड़ा, नारायणपुर, कोण्डागांव और बस्तर जिले की सीमा में मुठभेड़ हुई है। मारे गए नक्सलियों के शव समेत हथियार भी बरामद किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों में एक DVCM कैडर का कंपनी कमांडर है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इस मुठभेड़ में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड के 3 जवान घायल हुए हैं।

दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि 6 और 7 जून के दरमियानी रात में जिला नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा और जगदलपुर की डीआरजी 45 बटालियन, ITBP की संयुक्त पार्टी पूर्व बस्तर डिवीजन अंतर्गत ग्राम मुंगेडी, गोबेल में एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकली थी। 7 जून को दोपहर 3 बजे से नारायणपुर जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के थुलथुली ग्राम गोबेल जंगल में लगातार कई बार सुरक्षा बलों ओर नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की सर्चिंग करने पर 7 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद हुए हैं। मारे गए नक्सलियों में एक DVCM कैडर का कंपनी कमांडर बताया जा रहा है, जिस पर 8 लाख रुपये का इनाम था। अन्य मृत नक्सलियों की शिनाख्त की जा रही है। मुठभेड़ में कुछ और नक्सलियों के घायल होने की सूचना है। ऑपरेशन में 1000 एक हजार से ज्यादा जवान शामिल रहे। क्षेत्र में सर्चिंग जारी है। वहीं घायल DRG जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।