छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में कलेक्टर और जिला पंचायत कार्यालय में लगाई आग… कई गाड़ियां फूंकी-पथराव, एक पुलिसकर्मी घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने उग्र रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टोरेट और जिला पंचायत दफ्तर में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने वहां मौजूद कई गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया। प्रदर्शनकारी गिरौदपुरी धाम के पवित्र अमरगुफा के नजदीक जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे।  झूमाझटकी में कई पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। चार हजार से ज्यादा प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे थे।

बतादें कि छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सतनामी समाज के लोग अपनी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दशहरा मैदान में उग्र प्रदर्शन करने के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की सुरक्षा को भेदकर कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। कलेक्टर कार्यालय परिसर में खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। प्रदर्शनकारियों को रोकने में पुलिस के पसीने छूट गए।

बताया जा रहा है कि, कलेक्टर कार्यालय के पीछे के रास्ते से कर्मचारियों को सुरक्षित निकला जा रहा है। पुलिस बल की संख्या कम है। यह प्रर्दशन बीते दिनों गिरौदपुरी के महकोनी गांव में संत अमरदास की तपोभूमि के जैतखाम को काटे जाने की सीबीआई जांच की मांग को लेकर सतनामी समाज प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी सतनाम समाज की मांग पर न्यायिक जांच की बात कही है। वहीं, विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए कलेक्टर परिसर के चारों तरफ बैरिकेटिंग कर दिया है। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। 

 

सतनामी समाज के विभिन्न संगठनों एवं प्रतिनिधियों की मांग पर गिरौदपुरी धाम के पवित्र अमरगुफा के नजदीक जैतखांभ में हुई तोड़फोड़ पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने इस पूरे मामले के लिए न्यायिक जांच कराने की घोषणा की है। उन्होंने दो टूक कहा की प्रदेश में कही भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली घटनाओं को बर्दाश्त नही की जाएगी ऐसे कृत्य करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी से सामाजिक सौहार्द्र बनाए रखने की अपील भी  की है। गौरतलब है की विगत दिनों 15-16 मई रात को पूज्य जैतखांभ को क्षति पहुंचाने की कोशिश की गई थी।