छत्तीसगढ़ में पुजारी के घर 1.30 करोड़ की डकैती, पत्नी को बंधक बनाया फिर नोटों से भरी पेटी ले गए
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक पुजारी घर एक करोड़ 30 लाख रुपये की डकैती का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम बनकर 5 युवक और 2 महिलाएं पहुंची। उन्होंने पुजारी की पत्नी को पहले बंधक बनाया फिर घर पर रखी पेटी लेकर फरार हो गए। पूरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। शिकायत पर पुलिस संदेहियों की जानकारी जुटा रही है। वहीं मंदिर के पुजारी के घर से 1.30 करोड़ रुपये की डकैती होने की जानकारी फैलने से दिनभर शहर में इसकी चर्चा होती रही।
मिली जानकारी के अनुसार सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ बदमाश दोपहर 12 बजे पुजारी के घर पहुंचे। इस दौरान पुजारी की पत्नी गोमती घर पर अकेली थी। पुजारी और उसकी पत्नी दोनों को नहीं पता था कि पेटी में इतने रुपये थे। पुजारी ने बताया कि यह पेटी उसके यजमान ने रखवाई थी। तब उन्हें बताया गया था कि इसमें कुछ दस्तावेज और पैसे हैं, लेकिन जब डकैती की खबर उसे दी गई तब पेटी में 1 करोड़ 30 लाख रुपये होने की बात सामने आई। यह बात सुनकर पुजारी और उसके परिवार के होश उड़ गए। पेटी में इतने रुपये होने की जानकारी पुजारी को भी नहीं थी।
पुजारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि विद्याप्रकाश पांडेय उनका यजमान है। पारिवारिक परेशानियों के चलते विद्याप्रकाश ने उनसे पूजा-पाठ कराया था। इसके बाद से उनके अच्छे संबंध बन गए। करीब 6 महीने पहले विद्याप्रकाश अपने बेटे, बहू और नाती को लेकर पुजारी के घर पहुंचा। उसने एक बंद पेटी दी, जिसमें ताला लगा हुआ था। उसने बताया कि वो इसे बाद में अपने घर ले जाएगा। संबंधों के चलते पुजारी ने पेटी अपने घर पर रख लिया। चाबी उनके चेले विद्याप्रकाश के पास ही थी। उन्होंने कभी भी पेटी में रुपये नहीं देखा था। बीच-बीच में विद्याप्रकाश उनके घर जरूर आता था, लेकिन इस दौरान उसने पेटी में इतनी बड़ी रकम होने का कभी जिक्र तक नहीं किया। पुलिस पुजारी के यजमान विद्याप्रकाश से भी पूछताछ करेगी।
बिलासपुर के सिरगिटी क्षेत्र में जिस तरह से पुजारी के घर पर डकैती हुई है और आरोपियों ने उनके घर से केवल पेटी ले गए हैं। इससे पुलिस को शक है कि कोई जानकार या फिर परिचित ने ही इस घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस ने जांच के लिए पुजारी के घर के पास लगे CCTV कैमरे की जांच की, तब पता चला कि आरोपी स्कार्पियो में सवार होकर आए थे। पुलिस स्कार्पियो की जानकारी जुटाकर संदेहियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने नाकेबंदी भी कराई है।