छत्तीसगढ़

मिस कॉल, नमो एप और स्कैनर से ले सकेंगे भाजपा की सदस्यता

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के देशव्यापी सदस्यता अभियान के परिप्रेक्ष्य में यहां कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में प्रदेश स्तरीय बैठक, कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और सदस्यता अभियान के प्रदेश प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने उपस्थित पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया।

भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह ने अपने मार्गदर्शन में कहा कि यह संगठन पर्व की शुरुआत है और इसमें पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाना है। आज हमारे लिए वातावरण अनुकूल है। देश में श्री नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्रित्व में तीसरी बार सरकार बनी है और प्रदेश में भी भाजपा की सरकार है। पिछली सदस्यता समाप्त हो गई है,अब फिर से सभी को सदस्य बनाकर, भारत के विकसित देश बनने की यात्रा में सहभागी बनाना है। देश की आजादी के बाद जो नीतियां थीं, वह देश के अनुकूल नहीं थी। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी कश्मीर के मुद्दे पर शहीद हो गए। यह ध्यान रखें कि जनसंघ का गठन जिस भाव से हुआ वह सभी के बीच पहुंचे। 

ऑनलाईन सदस्यता के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि जिन सदस्यों के पास स्मार्ट फोन नहीं है, वे मिस्ड कॉल करेंगे। इसके बाद उनके पास लिंक आएगा जिसे अन्य सदस्य के स्मार्ट फोन पर भेजकर सदस्यता ले सकेंगे। श्री सिंह ने कहा कि सदस्यता अभियान के लिए 31 अगस्त तक बूथ स्तर पर बैठकें करनी है।   प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में 100 विशिष्ट जनों को सदस्य बनाना है। अटल जी के जन्म शताब्दी वर्ष के निमित्त 20 सदस्य बनाना है। इसके बाद सक्रिय सदस्यता के लिए काम होगा। सक्रिय सदस्य के संबंध में प्रदेश और जिला अध्यक्ष निर्णय लेंगे।