छत्तीसगढ़

प्रेशर हार्न पर चला बुलडोजर... कानफोडू प्रेशर हॉर्न पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में प्रेशर हॉर्न एवं माडिफाइड साइलेंसरों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बलौदाबाजार पुलिस ने ऐसे ही 101 वाहनों से प्रेशर हार्न और 4 नग मोडिफाइट साइलेंसर जब्त कर उन पर बुलडोजर चलाया। साथ ही वाहन मालिकों को भविष्य में ऐसे हॉर्न का उपयोग नहीं करने की सलाह दी।

दरअसल, सड़क मार्ग में कई वाहन चालकों द्वारा प्रेशर हार्न एवं मॉडिफाइ साइलेंसरों का उपयोग कर बहुत तेज गति से वाहन चलाया जाता है। कई मौके पर मोडिफाइ साइलेंसर का उपयोग कर पटाखे की आवाज एवं तेज कर्कश ध्वनि भी निकाली जाती है। सड़क दुर्घटनाओं का एक मुख्य कारण प्रेशर हार्न एवं मॉडिफाइ साइलेंसरों का उपयोग करना है। वाहनों में इनके प्रयोग से अत्यंत तेज आवाज निकलती है, जिससे कई अवसरों पर आम राहगीर एवं सड़क मार्ग में चलने वाले वाले अन्य वाहन चालक भी हड़बड़ा जाते हैं, जिससे गिरने एवं वाहन में संतुलन खोने से सड़क दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न होती है।

जिला बलौदाबाजार-भाटापारा यातायात पुलिस द्वारा अपने वाहनों में प्रेशर हार्न एवं मॉडिफाई साइलेंसरों का उपयोग करने वाले वाहन चालकों के ऊपर लगातार कार्रवाई किया जा रहा है। साथ ही ऐसे वाहनों के विरुद्ध MV Act की धारा 119(2)/177 एवं 182 क (4) के तहत प्रेशर हार्न एवं मोडिफाइ साइलेंसर निकालकर उन्हें जब्त करने की कार्रवाई भी लगातार जारी है, जिससे वाहन चालक दोबारा इसका उपयोग ना कर सके।