बिग ब्रेकिंगः जादू टोने के शक में पांच की हत्या... आरोपी गण गिरफ्तार
रायपुर। प्रदेश के सुकमा जिले में जादू टोने के शक में पांच लोगों की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने गांव वालों के सामने ही पांचों को पीट-पीटकर मार डाला। मृतकों में एक ही परिवार की तीन महिलाएं और दो पुरूष शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सुकमा जिले के कोंटा के मुरलीगुड़ा कैंप के पास इटकला गांव का है। गांव के ही कुछ लोगों को शक था कि मृतक परिवार के द्वारा जादू-टोना किया जा रहा है। जिससे उन्हें नुकसान हो रहा है। इसी गुस्से में गांव के कुछ ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और महिलाओं और पुरूष की लाठी डंडे से पिटाई करने लगे।
आरोपियों ने पांचों को इतना पीटा की मौके पर ही सभी ने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। मृतकों के नाम मौसम कन्ना (60), मौसम बुच्चा (34), मौसम बिरी, मौसम अरजो (32), करका लच्छी (43) वर्ष शामिल है। बता दें कि चार दिन पहले ही बलौदाबाजार में इसी तरह की घटना हुई। जादू-टोने के शक में एक ही परिवार के 4 लोगों की हत्या कर दी गई थी। मृतकों में एक मासूम, दो महिला व एक बालक था।