छत्तीसगढ़

बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, 7 घरों में गिरा High Tension तार, 38 लोग घायल

डेस्क। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कस्बे में शाम को बिजली विभाग की लापरवाही से बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर 7 घरों पर गिर गया। हादसे में करीब 38 लोग घायल हो गए। इनमें 7 लोगों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

जानकारी के मुताबिक गुरसहायगंज के मोहल्ला सीमांत नगर में बुधवार शाम को करीब सात बजे बारिश के दौरान लोग अपनों के घरों के अंदर थे। इसी दौरान घरों के ऊपर से गुजरी एचटी बिजली लाइन का तार अचानक टूट कर गिर गई। जिससे घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। करंट की चपेट में आने से लोग बेहोश होकर गिरने लगे। लगातार करंट प्रवाहित होने से आसपास के लोग मदद भी नहीं कर पाए। इस घटना के होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग को सूचना दी तब जाकर बिजली सप्लाई को बंद किया गया।

इस घटना में फ्रिज कूलर इन्वेंटर आदि उपकरण जल गए। घटना के बाद लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी देखने को मिली। वहीं सभी घायलों का इलाज जारी है, डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की हालत स्थिर है।