अब इस आईपीएस ने दिया इस्तीफा... तबादले के बाद सामने आ रही थी नाराजगी खबरें
डेस्क। बिहार में पदस्थ आईपीएस शिवदीप वामनराव लांडे ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे की जानकारी खुद ही सोशल मीडिया के जरिये साझा किया है। 2006 बैच के तेज तर्रार आईपीएस शिवदीप लांडे का हाल ही में तबादला हुआ था। उन्होंने सोशल मीडिया में अपने इस्तीफे के बारे में लिखा है कि वो बिहार में सेवा करते रहेंगे। उन्होंने अपने इस्तीफे के बारे में अपने ऑफिशियल फेजबुक पेज पर बताया। शिवदीप लांडे बिहार के उन अफसरों में गिने जाते हैं जो लॉ एंड ऑर्डर के आगे न किसी की पैरवी सुनते हैं और न किसी को पहचानते हैं।
उनकी छवि एक ईमानदार और कड़क पुलिसवाले की है। IPS शिवदीप लांडे फिलहाल पूर्णिया रेंज के आईजी के पद पर तैनात थे। शिवदीप लांडे वैसे तो बिहार कैडर के आईपीएस अफसर हैं, लेकिन वह महाराष्ट्र में भी तैनात रहे हैं. शिवदीप लांडे जब बिहार में एसटीएफ के एसपी के पद पर तैनात थे, तब उनका तबादला महाराष्ट्र कैडर के लिए हो गया था. बिहार वापसी तक वह महाराष्ट्र एटीएस में डीआईजी के पद पर पहुंच चुके थे।
शिवदीप लांडे ने कहा, ‘मेरे प्रिय बिहार, पिछले 18 वर्षो से सरकारी पद पर अपनी सेवा प्रदान करने के बाद आज मैंने इस पद से इस्तीफा दे दिया है। इन सभी वर्षो में मैंने बिहार को ख़ुद से और अपने परिवार से भी ऊपर माना है। अगर मेरे बतौर सरकारी सेवक के कार्यकाल में कोई त्रुटि हुई हो तो मैं उसके लिए क्षमाप्रार्थी हूं. मैंने आज भारतीय पुलिस सर्विस (IPS) से त्यागपत्र दिया है परन्तु मैं बिहार में ही रहूँगा और आगे भी बिहार मेरी कर्मभूमि रहेगी।
आईपीएस शिवदीप लांडे मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला के रहने वाले शिवदीप वामनराव लांडे का बचपन दुश्वारियों में गुजरा है। उनके पिता एक गरीब किसान थे। शिवदीप लांडे दो भाइयों में बड़े हैं. उनकी परवरिश बेहद मुश्किल हालातों में हुई थी। स्कॉलरशिप की मदद से शिवदीप लांडे ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और बाद में यूपीएससी टॉप किया।