दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल की 91वीं वर्षगांठ पर तीन दिवसीय मराठी मेला 23 अक्टूबर से

0- नाना पाटेकर स्‍मरण से लेकर भूला बाई के गीत तक बहुत कुछ खास, समितियों व महिला केंद्रों को सौंपी गई जिम्‍मेदारी

रायपुर। 91वीं वर्षगांठ पर महाराष्ट्र मंडल तीन दिवसीय मराठी सोहळा (मेला) का भव्‍य आयोजन 23 अक्टूबर से किया जा रहा है। तीन दिनों के विविध आयोजनों वाले मेले में व्‍यवस्‍था को लेकर समितियों को जिम्‍मेदारियां सौंपी गई हैं। मंडल की 17 समितियों और 17 महिला केंद्रों को अलग- अलग कार्यक्रम की जिम्मेदारी देने के लिए गुरुवार को मंडल परिसर में बैठक आयोजित की गई। मराठी मेले के पहले ही दिन पद्मश्री नाना पाटेकर पर आधारित विशेष कार्यक्रम ‘कुछ यादें, कुछ संवाद’ विशेष आकर्षण का केंद्र होगा 
 
उपाध्यक्ष गीता श्याम दलाल ने बताया कि 23 अक्टूबर को दोपहर दो बजे दीप प्रज्ज्वलन के साथ मराठी मेला का विधिवत् उद्घाटन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 2.30 से 3.45 बजे तक खेलकूद, आध्यात्मिक और साहित्य समिति रोचक खेलों का आयोजन करेगी। वहीं शाम चार से छह बजे तक 17 महिला केंद्रों के कार्यक्रम होंगे। उसके उपरांत सर्व मराठी समाज और महिला कार्यक्रम होंगे। 
 
 
गीता के अनुसार 24 अक्टूबर को मेला सुबह 10 बजे शुरू होगा। दो आयु वर्गों में विभिन्न स्पर्धाओं को जीतने के लिए प्रतिभागियों में होड़ मचेगी। नृत्य व शिल्प कला, संस्कृति और युवा समिति को सौंपी गई है। इसके साथ भूला बाई अर्थात साक्षात् माता पार्वती को समर्पित गीतों पर एक्ट प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ दोपहर एक बजे से भाव मराठी की प्रस्तुति होगी। इसके बाद क्रमशः वरिष्ठ जनों और बच्चों के लिए कार्यक्रम होंगे। सर्व छत्तीसगढ़ समाज के बीच संवाद कार्यक्रम होगा। शाम सात बजे से उज्जैन का सुप्रसिद्ध दो अंकी मराठी नाटक ‘केस नंबर 99’ का मंचन किया जाएगा। 
 
मराठी मेले के अंतिम दिन 25 अक्टूबर को गोंधळ और उसके बाद नागरिक संवाद होगा। दोपहर एक बजे से रिश्तों में नोक झोंक पर एकल अभिनय और डायलॉग की प्रस्तुति विभिन्न समितियों द्वारा की जाएगी। कार्यक्रमों की कड़ी में कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए वाद- विवाद और आजीवन सभासदों के लिए मोनो प्ले भी रखा गया है। शाम चार बजे से समितियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं शाम सात बजे मराठी मेले का समापन समारोह होगा। इसमें तीन दिनों में हुई विभिन्न स्पर्धाओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। 
 
कार्यकारिणी व विभिन्‍न समितियों की बैठक में अध्‍यक्ष अजय मधुकर काले, सचिव चेतन दंडवते, सखी निवास प्रभारी नमिता शेष, मुख्‍य समन्‍वयक श्‍याम सुंदर खंगन, सियान गुड़ी प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, महिला प्रमुख विशाखा तोपखानवाले, हाईटेक आंगनबाड़ी प्रभारी अजय पोतदार, स्‍वावलंबन समिति की प्रभारी शताब्‍दी पांडे सहित सभी 17 समितियों के समन्‍वयक व प्रभारी शामिल हुए।