सियान गुडी के नि:शुल्क शिविर में जांची गई बुजुर्गों की सेहत
2026-10-15 09:18 PM
89
- महाराष्ट्र मंडल के साथ संत बाबा गरीब दास आई हॉस्पिटल के सहयोग से हुए शिविर में कई जरूरतमंदों को मुफ्त में दी गई दवाइयां भी
रायपुर। महाराष्ट्र मंडल के सियान गुड़ी में संत गरीब दास आई हॉस्पिटल के सहयोग से लगाए गए नि:शुल्क जांच व परामर्श शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ जनों ने अपनी आंखों की जांच कराई। अनेक बुजुर्गों को अत्याधुनिक मशीनों से जांच करने के बाद मुफ्त में दवाएं दी गईं, तो कई वरिष्ठ नागरिकों को यथाशीघ्र मोतियाबिंद ऑपरेशन करने का सुझाव भी दिया गया।

लायंस क्लब समर्पण के साथ महाराष्ट्र मंडल के स्वास्थ्य समिति ने समाज कल्याण विभाग से अनुदानित व मंडल द्वारा संचालित सियान गुड़ी समता कालोनी में गुरुवार को यह स्वास्थ्य शिविर लगाया। स्वास्थ्य समिति की समन्वयक व शिविर की प्रभारी डॉ. कमल वर्मा ने बताया कि संत गरीब दास आई हॉस्पिटल की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. मौसमी दत्ता, ऑप्टोमेट्रिस्ट रागिनी चौहान, डॉ. वंदना ठाकुर के साथ प्रिया मेश्राम व खुशबू ने सियान गुड़ी में नियमित आने वाले वरिष्ठ जनों के अलावा शिविर में पूर्ण जांच कराने के लिए आए बुजुर्गों की भी शुगर, ब्लड प्रेशर व आंखों सहित विविध जांच की।

लगभग सभी वरिष्ठ नागरिकों की आंखों की रोशनी की मशीनों से पड़ताल करने के बाद उनकी दृष्टि की भी जांच की गई और उन्हें चश्मे का सटीक नंबर भी दिया गया। शिविर में आए बुजुर्गों के लिए लंच की विशेष व्यवस्था भी की गई थी। मंडल के मुख्य समन्वयक श्यामसुंदर खंगन, सियान गुड़ी प्रभारी प्रवीण क्षीरसागर, प्रबंधक मनीष देसाई व रमा नाहरगड़कर ने शिविर की व्यवस्था संभाली।
