दिव्य महाराष्ट्र मंडल

रास गरबा में का भव्य शुभारंभ.. चौकड़ी, छकड़ी, सनेरो लाल सनेरो पर जमकर थिरके युवा

- महाराष्ट्र मंडल में तीन दिवसीय गरबा का भव्य शुभारंभ, उमड़ी भीड़

रायपुर। मां भगवती की आराधना, भक्ति और उल्लास से सराबोर राजधानी रायपुर में महाराष्ट्र मंडल द्वारा आयोजित रास गरबा उत्सव का भव्य शुभारंभ शुक्रवार 16 अक्टूबर को हुआ।  कहीं चौकड़ी के साथ पैर की थिरकन व ताली की ताल, तो कहीं उलटा घुमकर छकड़ी ताल में पांव व हाथों के तालमेल के साथ युवतियों, महिलाओं और युवाओं ने जमकर गरबा खेला। लाल रंग के परिधान में पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ गरबा खेला।

युवा समिति के प्रमुख शुभम पुराणिक ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री के निज सहायक तुलसी कौशिक थे। वहीं विशेष अतिथि के रुप में नगर पंचायत सुकमा के पूर्व अध्यक्ष प्रसाद शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष सोनीऔर सुधीर शर्मी पहुंचे थे।  मां अंबा की आरती के साथ शुरू हुए गरबा में मंडल के सदस्यों व उनके परिजन के साथ पहले बाद गैर सदस्यों को भी एंट्री दी गई थी। सभी ने पूरे उत्‍साह के साथ गरबा खेला। नए- पुराने भक्ति गीतों के साथ गरबा गीतों में प्रतिभागियों ने चौकड़ी, छकड़ी सहित विभिन्न स्टेप्स पर जमकर गरबा खेला। इस दौरान गरबा की रीमिक्स बीट्स भी सुनाई दी। युवक- युवतियों ने सनातन संस्कृति से ओतप्रोत थीम के ड्रेस कोड पर जमकर गरबा किया।

युवा समिति की महिला प्रमुख श्रावणी मुकादम ने बताया कि गरबा महोत्सव के पहले दिन माता रानी की भक्ति में गरबा करने के लिए बड़ी संख्‍या में महाराष्‍ट्र मंडल के हर आयु वर्ग के श्रद्धालुजन जुटे। इस बार पहली बार गरबा को लेकर पास जारी किया गया है। सदस्यों के लिए पास अनिवार्य किया गया है। शनिवार और रविवार दो दिन और गरबा उत्सव होगा। इन दोनों दिनों में गरबा में आने वाले सदस्यों से यह अनुरोध है कि वे मंडल कार्यालय से पास लेकर भी गरबा उत्सव प्रांगण में प्रवेश करें।

महाराष्ट्र मंडल के इस गरबा उत्सव के प्रायोजक प्रथमेश कार्डियक इंस्टीट्यूट देवपुरी रायपुर, ⁠गोल्डन मोबाइल्स कोतवाली चौक रायपुर, मनोरमा इंडस्ट्रीज लिमिटेड रायपुर, धन्वंतरी डिस्ट्रीब्यूटर्स प्राइवेट लिमिटेड और ⁠रेणुका इंटरप्राइजेज, शंकर नगर रायपुर है। वहीं सह प्रायोजक श्रावणी संग्रह, ⁠बसेरा अधिभूतम् निर्माणम्, प्रिंट पार्टनर प्रिंट मार्ट, हांडीपारा रायपुर और गिफ्ट पार्टनर ब्लेस्ड होम्स, देवेन्द्र नगर और ⁠कायाकल्प क्लिनिक, लाखे नगर शामिल है।