दिव्य महाराष्ट्र मंडल

महाराष्‍ट्र मंडल के गरबा में विभिन्‍न भेषों में पहुंचे बच्‍चों ने ध्‍यान खींचा

0- हर आयु के श्रद्धालुओं ने घंटों तक गरबा खेलकर विभिन्‍न वर्गों में जीते पुरस्‍कार, भक्ति गीतों के साथ संभाली गई ट्रेडिशनल ड्रेस कोड की परंपरा

रायपुर। महाराष्‍ट्र मंडल में रास गरबा के तीसरे दिन बड़ी संख्‍या में हर आयुवर्ग के श्रद्धालु सभासदों ने जमकर गरबा किया। युवा समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय गरबा महोत्‍सव में आखिरी दिन बच्‍चों में खास उत्‍साह देखा गया। राधा, कृष्‍ण, शंकर महादेव, वीर हनुमान, गोपियों सहित विभिन्‍न वेशभूषा में पहुंचे बच्‍चों ने छोटे से घेरे में बिना थके घंटों गरबा खेलकर अपनी भक्ति प्रदर्शित की। इसी तरह ज्‍यादातर युवाओं व महिलाओं ने ट्रेडिशनल ड्रेस में गरबा के हर स्‍टेप को एंजॉय किया। 
युवा समिति के प्रमुख शुभम् पुराणिक ने बताया कि गरबा उत्सव में तीनों दिन विभिन्‍न केटेगरी में पुरस्‍कार जीतने के लिए खूब जोर लगाया और हरसंभव प्रयास भी किया। लोगों ने जितने जोश से गरबा के विधिवत स्‍टेप किया, उतना ही फ्री स्टाइल में गरबा में भी जोर दिखाया। 
युवा समिति की महिला प्रमुख श्रावणी मुकादम ने बताया कि घंटों गरबा करने वालों के लिए नींबू पानी की नि:शुल्‍क व्‍यवस्‍था की गई थी। इसी तरह फलाहारी स्‍टाल से लेकर सुस्‍वाद के स्‍टाल्‍स भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने रहे। वहीं विजयादशमी पर्व के लिए व्‍यंजनों के स्‍टाल्‍स में भी सभासदों की आवाजाही लगी रही। सबसे विशेष बात यह रही कि ट्रेडिशनल ड्रेस कोड पर पहुंचे महाराष्ट्र मंडल से बाहर के श्रद्धालुओं को भी गरबा खेलने का भरपूर अवसर दिया गया।