पूर्व CM ने खुद को बताया कोरोना... तो गृहमंत्री ने कहा हमारे पास है वैक्सीन... सीएम बोले, अपनी तुलना सही की
2023-04-27 04:08 PM 609
विधानसभा चुनाव की नजदीकी के साथ ही मध्यप्रदेश की सियासत चुटीली होती जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भाजपा पर लगातार हमलावर हैं, तो भाजपा सरकार भी हर हमले का जवाब देने में माहिर है। ताजा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने के खुद को BJP-RSS के लिए कोरोना बताया है, तो इस पर गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि BJP के पास वायरस की वैक्सीन है, आप चिंता नहीं करो। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिग्विजय और कमलनाथ को कोरोना से ज्यादा नुकसानदेह बताया।
दरअसल, दिग्विजय ने प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट के बयान पर पलटवार करते हुए बुधवार को इंदौर में दिया था। सिलावट ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने दिग्विजय सिंह को कांग्रेस का कोरोना बताते हुए कहा था कि कोरोना की उत्पत्ति चीन से हुई है, इसलिए सिंह को भी चीन में ही जन्म लेना चाहिए था।
गृहमंत्री का आया बयान
भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, इतना तो तय हो गया है कि दिग्विजय सिंह हानिकारक हैं। पहले लोग बोलते थे कि कोरोना का वायरस चीन से आया, कुछ ने कहा कि यह वायरस ISI से आया है। इन्होंने खुद को कोरोना साबित कर दिया। भाजपा ने वो वैक्सीन बनाई है, जिससे कोरोना का वायरस लगभग मृतप्राय हो जाता है। वैक्सीन भी हम लोगों के पास है, आप चिंता नहीं करो।
मानहानि पर भी बोले गृहमंत्री
राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के खिलाफ मानहानि केस में भोपाल की एमपी-एमएलए कोर्ट में आरोप तय हो गए हैं। इसे लेकर गृहमंत्री ने कहा- गुरु-चेला (राहुल गांधी और दिग्विजय) दोनों की स्थिति एक जैसी है। जब एक ही तरह की धारा है, तो वहां की अदालत (सूरत) ने जो निर्णय लिया है, तो यहां की अदालत भी ले, ऐसी मेरी निजी राय है।
दो साल की सजा
बता दें, BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने दिग्विजय के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कर रखा है। शर्मा के वकील सचिन वर्मा ने बताया कि आरोप सिद्ध होने पर अधिकतम 2 साल की सजा दिग्विजय सिंह को हो सकती है। 2 साल की सजा होने पर राज्यसभा सदस्यता रद्द हो सकती है। 6 साल तक चुनाव लड़ने पर पाबंदी भी लग सकती है। राहुल गांधी को भी इसी धारा में सूरत कोर्ट ने सजा सुनाई थी, इसके बाद उनकी संसद सदस्यता चली गई।
सीएम ने कहा ठीक तुलना की
BJP प्रदेश कार्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, यह आश्चर्य की बात है कि दिग्विजय सिंह को तुलना करने के लिए कोरोना वायरस ही मिला। उन्होंने अपनी तुलना ठीक की है। कोरोना वायरस ने जितना नुकसान नहीं पहुंचाया था, उससे कहीं ज्यादा नुकसान प्रदेश को दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने पहुंचाया। जिस कोरोना की बात दिग्विजय सिंह कर रहे हैं, उसी कोरोना को कमलनाथ ने जनता के भरोसे छोड़ दिया था। वायरस ने हाहाकार मचाया, कई लोगों की जिंदगी चली गई। अर्थव्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक नहीं, दो-दो वैक्सीन ने कोरोना से मुकाबला किया।