गैस सिलेंडर ब्लास्ट.... हादसे में पांच लोग घायल... आसपास के लोगों में मचा ह़ड़कंप
डेस्क। मुंबई के बांद्रा इलाके में एक सिलेंडर में ब्लास्ट होने का मामला सामने आया है। ब्लास्ट के चलते भयंकर आग लग गई। आग लगने से हुए इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए। आग लगने की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर विभाग की गाड़ियां पहुंच गईं। वहीं हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सिलेंडर में सुबह 06 बजे के आस-पास आग लग गई। वहीं आग पर काबू पा लिया गया है। मुंबई में इससे पहले भी आग लगने के कई मामले सामने आ चुके हैं।
बीएमसी के अनुसार, बांद्रा इलाके में आग लगने की जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और उन्होंने आग पर काबू पाया। बीएमसी ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि आग लगने से पांच लोग झुलस गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि रसोई गैस सिलेंडर में विस्फोट के कारण आग लगी है। घायलों की पहचान निखिल जोगेश दास (53), राकेश रामजनम शर्मा (38), एंथोनी पॉल थेंगल (65), कालीचरण माजीलाल कनौजिया (54) और शान अली जाकिर अली सिद्दीकी (31) के रूप में हुई है।