राजधानी से लगे इस गांव में ग्रामीणों ने खुद ही कर लिया रेत खदान नीलाम... खनिज विभाग में मचा हड़कंप
रायपुर। राजधानी रायुपर से लगे आरंग विकासखंड के ग्राम गौरभाट से चौका देने वाला मामला सामने आया है। जहां गांव वालों ने रेत खदान को अवैध रूप से नीलाम कर दी। गांव की बस्ती में रहने वाले कुछ लोगों ने खदान की नीलामी के लिए बैठक बुलाई थी। इस बैठक में कई लोगों ने बढ़-चढ़कर बोली भी लगाई। सबसे ज्यादा एक करोड़ रुपए से अधिक की बोली लगाने वाले को इस खदान का ठेका भी दे दिया गया।
खदान की नीलामी की सूचना मिलने पर प्रशासन एवं खनिज विभाग के अफसरों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया से इसकी जानकारी उन्हें मिली है। अगर इस तरह की कोई नीलामी की गई, तो यह अवैध है और ऐसा करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गांव में रेत खदान की नीलामी करने का एक वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए हैं। इस विडियो में एक व्यक्ति मॉइक से नीलामी की प्रक्रिया का संचालन करता भी दिखाई दे रहा है। इस वीडियो को गांव के ही किसी व्यक्ति ने सोशल मीडिया में वायरल किया है, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार गौरभाट रेत खदान की नीलामी के लिए ऊंची बोली लगवाई गई है। सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले को खदान का ठेका दिया गया है। कोई भी रेत खदान की नीलामी का काम खनिज विभाग द्वारा किया जाता है, लेकिन गांव के लोगों ने अवैध रूप से ही रेत खदान की नीलामी कर दी है।