फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर देश भर में करोड़ो रूपये की ठगी करने वाला अंतर्राज्यीय दिल्ली गिरोह गिरफ्तार
2023-03-18 05:16 PM
323
रायपुर। राजधानी पुलिस ने फर्जी काल सेंटर के नाम पर देश भर में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है। गिरोह के सदस्य लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर ठगी करते थे। गिरोह के 5 पुरूष एवं 3 महिला सहित कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए गए है। आरोपियों ने थाना तेलीबांधा क्षेत्रांतर्गत निवासी प्रार्थी महफूज अंसारी को लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर अपना शिकार बनाया था। आरोपियों ने प्रार्थी से 25,84,681 रूपये की ठगी की थी। गिरफ्तार सभी आरोपी दिल्ली के निवासी है।
ठगी की घटना को अंजाम देने के लिए दिल्ली के पटेल नगर स्थित एक मकान को किराये में लेकर फर्जी काल सेंटर खोल रखा था। 4 वर्षो से फर्जी कॉल सेंटर का संचालन किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 नग कम्प्यूटर सिस्टम, 2 नग लैपटॉप, 20 नग मोबाईल फोन, 1 नग टैबलेट एवं 10 नग (मोबाईल नम्बर) लॉग बुक डायरी जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हसन कालोनी टिकरापारा निवासी महफूज अंसारी ने थाना तेलीबांधा में अपने साथ हुई ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लाखों रुपये की ठगी को गंभीरता से लेते हुए एसपी प्रशांत अग्रवाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पीडित को जिस नंबर से फोन आया था, उसे ट्रेस करते हुए पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। पुलिस को आरोपी की लोकेशन दिल्ली के पटेल नगर की मिली। जिसके बाद एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की 7 सदस्यीय टीम को दिल्ली पहुंची।
जहां पटेल नगर स्थित एक काल सेंटर पहुंच 5 पुरूष एवं 3 महिला सहित कुल 8 व्यक्ति को पकड़ा। घटना के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने विगत 4 वर्षो से फर्जी कॉल सेंटर का संचालन कर देश भर में लोगों को लोन उपलब्ध कराने का झांसा देकर पीड़ितों को अपने भरोसे में लेकर करोड़ों रूपये की ठगी करना स्वीकार किया।

टीम के सदस्यों द्वारा सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 05 नग कम्प्यूटर सिस्टम, 02 नग लैपटॉप, 20 नग मोबाईल फोन, 01 नग टैबलेट एवं 10 नग (मोबाईल नम्बर) लॉग बुक डायरी जुमला कीमती लगभग 5,00,000/- रूपाये जप्त कर ट्रांजिट रिमाण्ड पर रायपुर लाया गया है। आरोपियों से ठगी की अन्य घटनाओं के संबंध में की जा रही है विस्तृत पूछताछ।
गिरफ्तार आरोपी
यश वर्मा पिता अमित कुमार निवासी उत्तम नगर म.नं. के-01/119 थाना रावड़ी दिल्ली, अभिषेक कुमार झा पिता बिंदेश्वर झा निवासी सोनिया विहार म.नं. ए-310 थाना सोनिया विहार दिल्ली, रंजीता यादव पिता सिंगासन यादव निवासी 58 हरिनगर मायापुरी, थाना मायापुरी दिल्ली, दिव्य गुप्ता पिता स्व. नवीन कुमार गुप्ता निवासी ओमकार नगर थाना केश्व पुरम दिल्ली, रूचि वर्मा पिता प्रेमलाल वर्मा निवासी पंजाबी बस्ती बलजीत नगर थाना पटेल नगर दिल्ली, निशा कुमार पिता रामनरेश ठाकुर निवासी म.नं. 2094/48 प्रेमनगर थाना पटेल नगर दिल्ली, ब्रिजेश कुमार पिता पारसनाथ निवासी सागरपुर थाना सागरपुर दिल्ली और सन्नी कुमार पिता धर्मेन्द्र कुमार निवासी सारगपुर थाना सागरपुर दिल्ली शामिल है।