रायपुर

‘सक्षम’ ने किया राष्ट्रीय दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट खिलाड़ियों का सम्मान

रायपुर। सक्षम सेवा संस्थान ने विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर स्थानीय होटल में राष्ट्रीय दिव्यांग व्हीलचेयर क्रिकेट स्पर्धा में भोपाल जाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया और उन्हें स्पर्धा के लिए भोपाल रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में आरएसएस के प्रांच प्रचारक अभय रामजी शामिल हुए। इनके साथ सक्षम के संगठन मंत्री रामजी राजवाड़े, सविता प्रकोष्ठ के डा सत्यनारायण पांडे, काली बाड़ी समिति के सचिव गौतम मजूमदार और महानगर प्रचारक मनोज कश्यप शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और मां भारती की उपासना के साथ किया गया। अतिथियों का तिलक लगाकर और पौधा भेंट कर सम्मान किया गया। 
 
दीप प्रज्जवन के बाद राष्ट्रीय व्हील चेयर क्रिकेट खिलाड़ियों का सम्मान अतिथियों ने ट्रैक सूट, शूज, टी शर्ट और फूलमाला पहनाकर किया। भोपाल टूर्नामेंट में शामिल होने जा रहे दिव्यांग खिलाड़ियों का उत्साह वर्धन करते हुए मुख्य अतिथि अभयराम ने कहा कि धरती को स्वर्ग स्वरूप बनाने की संकल्पना सभी के मन में होनी चाहिए। एक राष्ट्र, सनातन राष्ट्र और उन्नतशील राष्ट्र के भाव सभी में जागृत हो जाए तो हम अपनी कल्पना को साकार कर सकते है। 
 
सक्षम प्रांत संगठन मंत्री रामजी राजवाड़े ने सामाजिक जीवन में पांच परिवर्तन की दिशा में स्वयं की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संवर्धन और जल संरक्षण, स्वभाषा व स्वभूसा और  नागरिक कर्तव्यबोध को समझाया। सक्षम के कार्यालय प्रभारी सतीश राजवाड़े ने दिव्यांग युवा अपनी जीवन को सार्थक कर अपने व्यक्तित्व का निर्माण कैसे कर सकते है, इस पर अपने विचार रखे। प्रांत युवा प्रमुख शरद चंद्र ने युवाओं और दिव्यांगों में समावेश का विषय पर अपने विचार ऱखे। डॉ सत्यनारायण पांडे ने दिव्यांग के प्रकार के बारे में विस्तृत जानकारी दी। 
 
अंत में प्रेरणा संस्थान दृष्टिबाधित द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गोपाल वादी चाइल्ड वेलफेयर द्वारा एकल नृत्य और पैरी के धार समिति चंगोरा भाटा छत्तीसगढ़ी नृत्य प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर संगीता कश्यप  और आभार प्रदर्शन सक्षम के जिला सचिव अविनाश चटर्जी ने किया। कार्यक्रम में समाज कल्याण से याचना शुक्ला, वात्सल्या मूर्ति (JCI) अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ व्हीलचेयर क्रिकेट से कैप्टन धनंजय यादव, उप कप्तान लकी सोनी, होरीलाल यादव कुल 15 दिव्यांग खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन में सक्षम संस्था से प्रांत मीडिया प्रभारी इंदिरा जैन,  जिला युवा प्रमुख सुभाष जंघेल, डॉ विनय, कुमारी प्रीति साहू,  डॉ रोहन दीक्षित, डॉ शिवकांत दुबे उपस्थित रहे।