डॉक्टर गोले ने बुजुर्गों को बताया- सेहत के प्रति कैसे रहें जागरूक
2024-12-06 10:39 AM
74
0- 'सहयोग' की मासिक बैठक रही अर्थपूर्ण व जन जागरूकता वाली
रायपुर। जेष्ठ नागरिक मंच 'सहयोग' चौबे कॉलोनी रायपुर की मासिक बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के सेवानिवृत्ति मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. विवेक गोले ने सेहत से संबंधित कई महत्वपूर्ण टिप्स दिए। डा. गोले ने सभी वरिष्ठ जनों को 'स्वास्थ्य के प्रति कैसे जागरूक रहना चाहिए व स्वयं को किस प्रकार से स्वस्थ रखना चाहिए' को लेकर अत्यंत उपयोगी और छोटे- छोटे टिप्स दिए।
डा. विवेक गोले ने विभिन्न प्रकार की जांच के बारे में बताया व कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण जांच, जो प्रत्येक मधुमेह रोगी व 60 वर्ष से ऊपर उम्र की स्त्रियों के लिए स्तन कैंसर व सर्वाइकल कैंसर से बचने के लिए जरूरी जांच प्रतिवर्ष करने का सुझाव भी दिया। साथ ही निमोनिया से बचने व इनफ्लुएंजा वैक्सीन, जिसे सभी वरिष्ठ जनों को प्रत्येक वर्ष लगाना आवश्यक है, के बारे में भी सलाह दी गई। वरिष्ठ नागरिकों के लिए केल्शियम की आवश्यकता और आर्थ्राइटिस से बचने के लिए भी टिप्स दिए गए। इस चर्चा के उपरांत कई लोगों ने अपनी शंकाओं का समाधान भी डा. गोले से किया।
भगिनी मंडल चौबे कॉलोनी में आहूत की गई बैठक में कोषाध्यक्ष दीपक पात्रीकर ने प्रयागराज कुंभ के लिए प्लास्टिक फ्री जागरूकता अभियान चलाने के लिए सभी सदस्यों को एक थाली- एक थैला देने की राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पर्यावरण बचाओ अभियान के उद्देश्य से सदस्यों को अवगत कराया। सभी सदस्यों ने एकमत से एक थाली- एक थैला देने का संकल्प पारित किया। जिसके फलस्वरूप सदस्यों ने एकत्रित राशि एवं ग्रुप में बचत राशि को मिलाकर सौ थैले व सौ थालियां प्रयागराज कुंभ के लिए भेजने का निर्णय लिया।
तत्पश्चात विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रमों के अंतर्गत अरविंद वाघ, बोरवणकर, मोखरीवाले, कुंदा अत्रे ने सुमधुर संगीतमय गायन प्रस्तुत किया। डा. जनार्दन उरकुरकर ने कविता पाठ किया। रविकांत भागवत ने धार्मिक क्विज का आयोजन किया। इसमें सभी सदस्यों द्वारा बढ़- चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका बोरवणकर ने किया। आभार प्रदर्शन दिव्या पात्रीकर ने किया।