रायपुर

श्री दत्तात्रेय जयंती महोत्सव 8 दिसंबर से... 14 को मनाया जाएगा जन्मोत्सव

रायपुर। भगवान दत्तात्रेय संस्थान ब्रह्मपुरी रायपुर के तत्वावधान में श्री दत्तात्रेय जयंती महोत्सव का आयोजन 8 दिसंबर से 16 दिसंबर तक किया जा रहा है। 8 दिसंबर को कलश स्थापना और गुरुचरितग्रंथ पाठ के पारायण के साथ शुरु होने वाला महोत्सव 16 दिसंबर को विशाल भंडारे के साथ समाप्त होता। इस दौरान 14 दिसंबर को भगवान दत्तात्रेय का जन्म उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा।

भगवान दत्तात्रेय मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिवल्लभ अग्रवाल और सचिव चेतन दंडवते ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष में धूमधाम से भगवान दत्तात्रेय जयंती का आयोजन मंदिर समिति की ओर से किया जा रहा है। आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में है। उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, समाजसेवी कन्हैया अग्रवाल, समाजसेवी अजय तिवारी, पार्षद सरिता वर्मा और महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले का विशेष सहयोग मिल रहा है।

दंडवते ने आगे बताया कि 8 दिसंबर को कलश स्थापना और गुरुचरितग्रंथ पाठ के पारायण के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन संध्या 6.30 बजे असंख्य दीपों से मंदिर का विशेष श्रृंगार कर ब्रह्मपुरी महिला मंडल की ओर से सुंदर भजन प्रस्तुत किया जाएगा। दूसरे दिन 9 दिसंबर को सुबह 8 बजे से प्रतिदिन गुरुचरितग्रंथ पाठ का पारायण पंडित सुबोध मनोहर पंडे रोहिणीपुरम द्वारा किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से राम मंदिर बूढ़ापारा की ओर से भजन प्रस्तुत किया जाएगा। तीसरे दिन 10 दिसंबर को दोपहर 3 बजे से स्वरालय भजन मंडली शंकर नगर भजन  प्रस्तुत करेगी। 11 दिसंबर बुधवार  को दोपहर 3 बजे से कोटा महिला मंडली और 12 दिसंबपर को ब्रम्हपुरी महिला मंडल और 13 को साई मंदिर भजन मंडली वल्लभनगर भजन प्रस्तुत करेगी। इसके साथ 13 दिसंबर को शाम 7 बजे से मिले सुर हमारा ग्रुप की टीम भजन की प्रस्तुति देगी।

दंडवते ने आगे बताया कि 14 दिसंबर को भगवान श्री दत्तात्रेय का जन्म उत्सव मनाया जाएगा। इस दिन सुबह 11 बजे गुरु चरित ग्रंथ का पारायण, दोपहर 12 बजे से अभिषेक, सत्यनारायण पूजन, हवन आरती होगी। शाम 5 बजे श्री दत्तात्रेय जन्मोत्सव पर ग्रंथ के अंतिम अध्याय (जन्म अध्याय) का पठन, सामूहिक आरती, प्रसाद वितरण और भव्य आतिशबाजी की जाएगी। वहीं शाम 7 से से तात्यापारा हनुमान मंदिर भजन मंडली की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया है। 15 दिसंबर को दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक भंडारा होगा। अंतिम दिवस 16 दिसंबर को दोपहर 3 बजे से गोपाल काला उत्सव, महिला भजन मंडलियों द्वारा सामूहिक भजन, आरती और प्रसाद वितरण होगा।