रायपुर

रेडिएंट वे के वार्षिकोत्सव में 'आत्मा की यात्रा' की मजेदार प्रस्तुतियां

रायपुर। रेडिएंट वे स्कूल में 36वें वार्षिकोत्सव 'आत्मा की यात्रा' (द जर्नी ऑफ सोल) की थीम पर मनाया गया। नर्सरी के बच्चों से लेकर हायर सेकंडरी स्कूल तक के छात्र- छात्राओं ने जिंदगी के हर एक पड़ाव- बचपन, किशोरावस्था, युवावस्था, अधेड़ावस्था, प्रौढ़ावस्था में जीवनशैली को अपनी मनोरंजक व आकर्षक प्रस्तुतियों से ऐसे प्रस्तुत किया कि हजारों अभिभावक- दर्शक लगभग चार घंटे तक अपनी सीट से बंधे रह गए। 

प्री प्राइमरी के मासूमों ने 'डोंट वरी बी हैप्पी' में मजेदार डांस किया। तीसरी कक्षा के बच्चों ने 'जैसी करनी- वैसी भरनी' पर शिक्षात्मक प्रस्तुति दी। इसी तरह चौथी कक्षा के बच्चों ने 'अपने लिए जिए तो क्या जिए' गाने पर नृत्य देकर जीवन में दान के महत्व को बताया।

पांचवीं कक्षा के बच्चों ने मंच पर संगीत में योग की प्रस्तुति दी। छठवीं के बच्चों ने 'ताल से ताल मिला' पर और सातवीं के छात्र- छात्राओं ने 'लव यू जिंदगी' पर बेहतरीन कास्ट्यूम के साथ मनभावन प्रस्तुति दी। 

इस मौके पर आठवीं के बच्चों के रतन टाटा की जीवनी को बहुत ही प्रेरक तरीके से मंच पर दिखाया गया। लखटिया नैनो कार की लॉन्चिंग से रतन टाटा दोबारा आम जनमानस में प्रतिष्ठित हो गए थे। इसे विशेष रूप से सरप्राइज आइटम की तरह मंचित किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्राचार्य भावना दुबे ने सफल वार्षिकोत्सव के आयोजन के लिए अतिथियों, अभिभावकों व दर्शकों का आभार व्यक्त किया।