Raipur Municipal Corporation Budget 2023: काली माता का दर्शन कर निगम पहुंचे महापौर, गीता श्लोक के साथ पेश किया बजट
2023-03-21 03:16 PM
260
रायपुर। राजधानी के महापौर एजाज ढेबर ने मंगलवार को अपना चौथा बजट पेश किया। उन्होंने पटल पर 1608 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। यह बजट 74 लाख 68 हजार रुपये घाटे का बजट है। बजट पेश करने के पहले महापौर एजाज ढेबर आकाशवाणी चौक स्थित काली मंदिर पहुंचे। माता के दर्शन के बाद वे निगम मुख्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने गीता के श्लोक के साथ बजट की शुरुआत की।
नगर निगम की सामान्य सभा के दौरान शुरुआती पहला घंटा प्रश्नकाल का रहा। इस दौरान शहर में गर्मी के दिनों में होने वाली पीने के पानी की किल्लत का मुद्दा भी उठा। सुंदर नगर पार्षद मृत्युंजय दुबे ने सुंदर नगर इलाके में गंदा पानी आने और गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत का मसला उठाया। दुबे ने कहा कि गर्मी के दिनों में टैंकर चलाने का दावा हमेशा से किया जाता रहा है, लेकिन लोगों को पीने के पानी की समस्या आ रही है। सतनाम पनाग ने इसका जवाब देते हुए कहा कि पाइप लाइन का काम चल रहा है। 30 दिन के भीतर पानी की किल्लत को दूर कर लिया जाएगा।

पीने के पानी के मुद्दे पर जब हंगामा बढ़ा, तो सभापति प्रमोद दुबे ने सतनाम पनाग से कहा कि आप एक-दो दिन में समय निकालकर दौरा करिए और समय सीमा तय करिए। अगर गंदे पानी की शिकायत है, तो ये गंभीर बात है। ये लोगों से जुड़ा हुआ विषय है। जो लोग टैक्स चुकाते हैं, हमारी जिम्मेदारी है कि हम उन्हें साफ पीने का पानी दे सकें। इसके बाद प्रश्नकाल के 12:15 बजे समाप्त होने की घोषणा कर दी गई।
पीएम आवास को लेकर बीजेपी का हंगामा, कार्रवाई स्थगित
रायपुर के शहरी इलाके में पीएम आवास योजना के मकान बनवाने का विरोध करते हुए भाजपा पार्षदों ने विरोध किया। पोस्टर लेकर सभी महापौर एजाज ढेबर और सभापति प्रमोद दुबे को घेरने के लिए आगे बढ़ गए और नारेबाजी करने लगे। सभापति प्रमोद दुबे लगातार पार्षदों को समझाते रहे। हंगामा बढ़ने की वजह से नगर निगम की कार्रवाई को 10 मिनट के लिए स्थगित भी करना पड़ा।