सदन में मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच नजर आया टकराव... चले चुनौतियों के तीर... विपक्ष ने किया वॉक आउट
2023-03-22 12:51 PM
252
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र अब अवसान की तरफ है। महज डेढ़ दिनों के बाद सत्रावसान की घोषणा हो जाएगी। इससे पहले बुधवार को सदन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के बीच जबरदस्त टकराव नजर आया।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन ने आज गारे पलमा कोल ब्लॉक में ट्रांसपोर्ट के लिए जारी निविदा का मुद्दा उठाते हुए विधानसभा की कमेटी से मामले की जांच की मांग की। सीएम भूपेश बघेल के मांग को खारिज कर दिया, जिस पर रमन सिंह ने पूर्ववर्ती और वर्तमान सरकार के तय रेट पर चर्चा कराए जाने की चुनौती दी। सदन में पक्ष-विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच विपक्ष ने वॉकआउट कर दिया।
पूर्व सीएम रमन सिंह ने सदन में पूछा कि परिवहन के लिए 232 रुपए का रेट आया है, तो दोगुने रेट में कोल परिवहन की अनुमति क्यों दी गई। इस पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार निविदा की प्रक्रिया पूरी हुई है। इधर डॉ. रमन सिंह ने निविदा की आड़ में गड़बड़ी करके हजारों करोड़ के भ्रष्टाचार का आरोप सरकार पर मढ़ा।
इस पर सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि केमिकल लोचा है। जैसे पीएम आवास के मकान के आंकड़े गलत बता रहे हैं, अब निविदा के रेट को लेकर गड़बड़ी की बात कह रहे हैं। टेंडर की प्रक्रिया में कही कोई गड़बड़ी नहीं हुई। इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने विधानसभा की कमेटी से पूरे मामले की जांच की बात कही, लेकिन सीएम भूपेश बघेल ने जांच से इंकार कर दिया, जिस पर पर पूर्व सीएम रमन सिंह ने पूर्ववर्ती और वर्तमान सरकार के तय रेट में चर्चा कराए जाने की चुनौती दी।