रायपुर

रायपुर के 70 वार्डों के लिए 419 नॉमिनेशन : मेयर के लिए 28 नामांकन भरे गए

रायपुर | रायपुर नगर निगम चुनाव का मुकाबला इस बार दिलचस्प हो गया है। नामांकन के आखिरी दिन भाजपा ने शक्ति प्रदर्शन किया, वहीं कांग्रेस की नामांकन रैली रद्द हो गई। रायपुर मेयर के लिए 28 लोगों ने नॉमिनेशन फॉर्म भरा है। वहीं, शहर के 70 वार्डों में 419 लोगों ने नामांकन जमा किया है।

नगर निगम चुनाव में महिलाओं के लिए 23 सीटें आरक्षित है। लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने 26-26 महिलाओं को मैदान में उतारा है। इस बार भाजपा ने 18 सिटिंग पार्षद और कांग्रेस ने 17 सिटिंग पार्षदों की टिकट काटी है। कांग्रेस पार्टी ने वैसे तो 17 सिटिंग पार्षदों के टिकट काटे हैं, इनमें से 4 पार्षदों ने निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए नामांकन डाला है। 

भाजपा ने पिछला चुनाव जितने वाले 29 पार्षदों में 18 के टिकट काट दिए हैं। इनमें से तीन का वार्ड आरक्षित हो गया। इस वजह से वे चुनाव नहीं लड़ पा रहे हैं। बाकी 15 में ज्यादातर महिलाएं हैं। इन्हें पिछले चुनाव में वार्ड महिला आरक्षित होने के कारण टिकट मिला था। इस बार इनके टिकट काटकर कुछ नए और कुछ पूर्व पार्षदों को दिया गया है।

बाकी 14 टिकट या तो पार्षदों को दिए गए हैं या उनके परिवार के किसी सदस्य को। कुछ पार्षदों का टिकट गुड परफार्मेंस नहीं देने के कारण काटा गया है। भाजपा ने पार्षदों के टिकट बंटवारे में नए पुराने का कंबिनेशन किया है।

ब्राह्मणपारा वार्ड के अन्य पिछड़ा वर्ग आरक्षित होने के कारण पार्षद सरिता दुबे को सुंदर नगर से टिकट दिया गया है। आसपास के सभी वार्ड आरक्षण में फंसने के कारण उन्हें वहां भी मौका नहीं मिला।

कांग्रेस पार्टी ने 66 वार्डों के अपने उम्मीदवारों के नाम जारी किए हैं। मौलाना अब्दुल रऊफ, मदर टैरेसा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और ले. अरविंद दीक्षित वार्ड के प्रत्याशियों के नाम मंगलवार देर रात तक जारी नहीं किए गए। पार्टी सूत्रों का कहना है इन वार्डों में जिन्हें टिकट दिया जा रहा है, उनके नाम को लेकर बड़ी बगावत हो सकती है।