सिलेबस के आधार पर ब्लू प्रिंट तैयार कर करें तैयारीः डा. वर्षा वरवंडकर
2025-02-17 12:17 PM
410
रायपुर। बोर्ड परीक्षा को लेकर जहां एक ओर पीएम मोदी से लेकर शिक्षाविद् परीक्षा पर चर्चा का आयोजन कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी हेल्पलाइन सेवा शुरू कर दी है। बोर्ड परीक्षा के लेकर हेल्पलाइन नंबर 18002334363 के शुरू होते ही बच्चों के काल्स आने शुरू हो गए। जहां अंग्रेजी की एक्सपर्ट डा. अंजू सूद और बायोलाजी टीचर डा. माधुरी बोरेकर ने कमान संभाल रखी है। वहीं महाराष्ट्र मंडल की आजीवन सभासद, कैरियर काउंसलर और साइकोलाजिस्ट डा. वर्षा वरवंडकर बच्चों की काउंसलिंग कर रही है।
साइकोलाजिस्ट डा. वर्षा वरवंडकर ने बताया कि परीक्षा को लेकर हर वर्ष बच्चों के मन में भय रहता है। आज के बढ़ते काम्पीटिशन के दौर में परिजनों और शिक्षकों की उम्मीदों में खरा उतरने के लिए यह भय बच्चों के मन में बना रहता है। बच्चों को अपने मन से यह भय निकाल देना चाहिए, क्योंकि उन्होंने सालभर इस विषय की पढ़ाई की है। अच्छी सफलता के लिए माइंड को प्रिपेयर करें और परीक्षा हाल में तीन घंटे लगातार बैठने के हिसाब से अपनी तैयारी करें, अभ्यास करें। पिछले पांच सालों का प्रश्नपत्र हल करें और बिल्कुल रिलैक्स रहे।
डा. वर्षा वरवंडकर ने आगे बताया कि दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों के हल को कुछ बच्चे प्वाइंट वाइस लिख देते है। चूंकि दीर्घ उत्तरीय प्रश्नों की शब्द सीमा पहले से तय होती है, इसलिए शब्द सीमा में इसे लिखे। अगर प्वाइंट वाइस लिख रहे है तो उसकी व्याख्या अवश्य करें। परीक्षा हाल में प्रश्न प्रत्र मिलने पर उसे ध्यान से पढ़े। उसे समझाइए और फिर उत्तर लिखना शुरू कीजिए। परीक्षा के दौरान समय का प्रबंधन बेहद जरूरी है। इसलिए जो प्रश्न हमें अच्छे से आते है उसे सबसे पहले बिना समय गंवाए लिखे।
डा. वरवंडकर ने कहा कि परीक्षा के समय भी अच्छी और पूरी नींद लें ताकि परीक्षा के दौरान आलस न आए। पहले के एक दिन पहले भोजन का विशेष ध्यान रखे। हेल्दी भोजन आपके अंदर आलस पैदा नहीं करता। इसलिए हेल्दी डाइट लें। परीक्षा के लिए नये पेन में लिखने का प्रयास बिल्कुल न करें। जिस पेन में लिखने की आदत है उसी का इस्तेमाल एग्जाम के दौरान करें।