रायपुर। षोडश संस्कार वे सोलह संस्कार हैं जिनका पालन सनातन धर्म में किया जाता है। ये संस्कार गर्भाधान से लेकर अंत्येष्टि तक के प्रमुख जीवन के चरणों को चिह्नित करते हैं। इन संस्कारों का गहरा आध्यात्मिक महत्व है। अभिमन्यु ने गर्भ से ही चक्रव्यूह के भीतर प्रवेश करना सीख लिया था। आज हमारे बीच एक ऐसी ही प्रतिभा है, जिसे गर्भ से ही सनातन संस्कृति के भावों के प्रति जागृत किया गया। आज महज सात वर्ष की आयु में वह भगवान श्री राम से लेकर उनके पूर्वज ब्रह्मा जी तक सभी के नाम कंठस्थ है। वहीं इतनी ही पकड़ अंग्रेजी, गणित और विज्ञान में भी बनाई है। यह बालक दुर्ग निवासी कुशल उजाला का पुत्र आरूण्य उजाला है। जो अभी आदित्य नगर दुर्ग के सूर्यपथ फाउंडेशन स्कूल में पढ़ रहा है।
आरूण्य के पिता कुशल उजाला ने दिव्य महाराष्ट्र मंडल को बताया कि जब बच्चा गर्भ में आया तो मैंने और मेरी पत्नी गंगाश्री उजाला ने इसे संस्कारित बनाने का प्लान किया। उसके गर्भ में आने के साथ हम प्रतिदिन रामायण और गीता का पाठ करते थे। जैसा सनातन संस्कृति में बताया जाता है कि गर्भ से बच्चा सीखने लग जाता है, हमने इसे साक्षात देख लिया। जब दूसरे बच्चे नर्सरी में एडमिशन लेते है तब तीन साल की उम्र में आते आते हिंदी वर्णमाला, अंग्रेजी के अल्फाबेट बहुच अच्छे से लिखने के साथ वह बोलना सीख गया। हमारे साथ पूजा में बैठता वैदिक मंत्रों का प्रयोग सीख गया।
कुशल ने आगे बताया कि मैं और पत्नी गंगाश्री दोनों अपने बच्चों को पूरा समय देते है। वहीं अब स्कूल जाने के बाद उसके सहपाठी भी उसके साथ बहुत कुछ सीख रहे है। हमारे बच्चे को संस्कारित करने में स्कूल के टीचर भी सहयोग कर रहे है। वहीं अन्य बच्चे भी रूटीन पढ़ाई से हटकर अन्य बच्चों से कहीं ज्यादा प्रतिभावान बन रहे है। बतादें कि कुशल दुर्ग में मार्बल द्वारा बनाई जाने वाली भगवान की मूर्तियां बनाने का कार्य करते है। वहीं मां गंगाश्री उजाला वर्तमान में एजुकेशन में पीएचडी कर रही है।
बच्चे की प्रतिभा का वीडियो देखकर महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले और सचिव चेतन दंडवते ने कहा कि बच्चे की प्रतिभा को आगे लाने का जो काम परिजनों ने किया है वह निःसंदेह तारीफ के काबिल है। आज हमें सभी बच्चों को इतना संस्कार और ज्ञानवान बनाने की जरूरत है। काले ने आगे कहा कि बहुत जल्द महाराष्ट्र मंडल में एक कार्यक्रम आयोजित तक इस प्रतिभावान बच्चे से मंडल के सभी सभासदों से परिचित कराएंगे।