रायपुर

छत्तीसगढ़ की महिला आर्किटेक्ट्स का किया गया सम्मान

रायपुर | द इण्डियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ आर्किटेक्ट्स छत्तीसगढ़ चैप्टर के दवारा महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को वी आई पी रोड स्तिथ एक होटल में छत्तीसगढ़ की महिला आर्किटेक्ट्स का सम्मान किया गया । कार्यक्रम में जहां महिला आर्किटेक्ट्स का सम्मान किया गया, वही जयपुर राजस्थान से आयी महिला वास्तुविद आर्किटेक्ट कविता जैन ने एतिहासिक इमारतों के संरक्षण के बारे में जागरूक कराया, ताकि आने वाली जनरेशन इन धरोहरो से बहुत कुछ प्रेरणा ले सकेंगी । 

उन्होंने अपने प्रेजेंटेशन में मध्यप्रदेश स्थित ओरछा में महलो व मंदिरो के रेनोवेशन व हेरिटेज कन्सेरवेशन के बारे में विस्तार से बताया |  उन्होंने भवनों के संरक्षण को विभिन्न तकनीको के बारे में अवगत कराया | राजस्थान स्थित जलमहल के संरक्षण की विभिन्न तकनीकों के बारे में भी जानकारी प्रदान की, जाली झरोखो को साइट पर पुराने तरीको से लोकल कारीगरों दवारा बनाने की पद्धती से अवगत कराया । ईटों को जोड़ने के लिए सीमेंट की जगह गुड़ ,राई, व चूने को मिलाकर गारे से जोड़ने की तकनीक के बारे में बताया ।

समारोह में इस वर्ष आर्किटेक्ट मेघा चावड़ा को छत्तीसगढ़ वीमेन ऑफ़ द ईयर से पुरुस्कृत किया गया | मेघा चावड़ा वर्तमान में नगर निवेश  एवं संचनालय में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर पदस्थ है। उनके द्वारा आर्किटेक्चर फील्ड में किये गए योगदान हेतु इस वर्ष उन्हें यह अवार्ड प्रदान किया गया है ।

समारोह में सभी महिला वास्तुविदों का सम्मान कविता जैन एवं चैप्टर के अध्यक्ष सौरभ राहटगावकर के द्वारा किया गया। महिला वास्तुविदों में प्रमुख रूप से भारती उपाध्याय, स्वस्ति स्थापक, नीता मिश्रा, नीना सिंह, कुसुम जायसवाल, प्रवीणा टौंक, प्रशस्ति खरे, नम्रता नायक, वैशाली शर्मा, संध्या सिंग, अदिति प्रजापति और कृपा पुजारा उपस्थित थे ।