रायपुर

डॉ. राधाबाई कॉलेज की छात्राओं ने सखी सेंटर का किया शैक्षणिक भ्रमण


रायपुर। शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के तहत डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ प्रीति मिश्रा के निर्देशन में समाज शास्त्र विभाग की छात्राएं शनिवार को सखी सेंटर के भ्रमण पर पहुंची। समाज शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ मनीषा शुक्ला के मार्गदर्शन पर अतिथि व्याख्याता डॉ. मनीला दुबे के नेतृत्व में शंकर नगर स्थित सखी सेंटर का एम. ए. द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की छात्राओं ने अवलोकन किया, साथ ही सखी सेंटर की उपयोगिता को समझने का उन्हें अवसर प्राप्त हुआ।

शैक्षणिक भ्रमण के दौरान छात्राओं ने अपनी उत्सुकता को शांत करने कई तरह के सवाल पूछे, जिसमें सखी सेंटर के खुलने से मिलने वाले फायदे, अपराध में कमी, संपर्क के तरीके आदि शामिल थे। छात्राओं की जानने और समझने की ललक पर सखी सेंटर प्रभारी प्रीति पांडेय एवं काउंसलर नीति सिंह ने छात्राओं का बेहतर मार्गदर्शन किया।
इसके बाद डॉ. मनीला दुबे के निर्देशन पर पीजी छात्राओं ने सखी सेंटर की कार्रवाई के तरीकों को करीब से समझने का प्रयास किया। वहीं सखी सेंटर प्रभारी ने बताया और समझाया कि यदि आपकी नजरों या जानकारी में महिलाओं के साथ किसी भी तरह का अपराध हो रहा हो, उन्हें सखी सेंटर तक पहुंचाने में मदद करें, ताकि उन्हें प्रताड़ना से बचाया जा सके। 

अंत में डॉ मनीला दुबे सहित डॉ. राधाबाई शासकीय नवीन कन्या महाविद्यालय की छात्राओं ने तमाम ज्ञानवर्धक जानकारी के लिए सखी सेंटर प्रभारी एवं सहयोगी का आभार व्यक्त किया।