पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने जारी किया सीबीएस प्रवेश परीक्षा का प्रवेश पत्र
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में संचालित पंचवर्षीय एकीकृत एमएससी पाठ्यक्रम की प्रवेश परीक्षा CBS EST-2025, 20 मई को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। मूल विज्ञान केंद्र के निदेशक प्रो. कल्लोल के घोष तथा केंद्राध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी कांत ने बताया कि प्रवेश परीक्षा की तैयारी पूर्ण हो गयी है। परीक्षा पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर के ही अध्ययनशालाओं में आयोजित होगी । परिसर के मूल विज्ञान केंद्र, ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान, गणित अध्ययनशाला, विधि अध्ययनशाला, फार्मेसी विभाग, विज्ञान भवन, कम्प्यूटर विज्ञान, कला भवन, नवीन परीक्षा भवन तथा बी.एड. भवन में बैठक व्यवस्था की गई है। इस परीक्षा हेतु बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं।
परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.prsu.ac.in/ www.prsuuniv.in से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। सभी परीक्षार्थी परीक्षा प्रारंभ होने से 1 घंटा पूर्व केंद्र में उपस्थित होकर अपना स्थान देख लें। परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु प्रवेश पत्र पर ही बैठक व्यवस्था की सूचना आदि को अंकित किया गया है। इससे उन्हें भवन तक पहुंचने में सुविधा होगी। सभी परीक्षार्थियों को निर्धारित पहचान पत्र की मूल प्रति तथा प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी लाना अनिवार्य है। परीक्षा कक्ष में मोबाईल प्रतिबंधित है।
इस प्रवेश परीक्षा के मॉडल उत्तर परीक्षा के पश्चात 20 मई को ही CBS विभागीय वेबसाइट पर प्रदर्शित किए जाएंगे। मॉडल उत्तरों के विरुद्ध दावा-आपत्तियां 24 मई 2025 सायं 5:00 बजे तक किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा के परिणाम तथा काउंसिलिंग तिथियों हेतु परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें। पं. रविशंकर वि.वि. प्रशासन परीक्षा संचालन की सुचारू व्यवस्था के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।