रायपुर

सूरत की उड़ान भरने से पहले... सीएम बघेल का बड़ा बयान... कहा किसानों के जीवन में आएगा बड़ा बदलाव

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज गुजरात के सूरत के लिए उड़ान भर चुके हैं। सूरत में आज पूर्व सांसद राहुल गांधी अपनी सजा के खिलाफ सेशन कोर्ट में अपील फाइल करेंगे। उनके साथ प्रियंका वाड्रा भी हैं, तो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी अलग से सूरत पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। सूरत के लिए उड़ान भरने से पहले सीएम भूपेश बघेल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कई सवालों का जवाब दिया। 
मुख्यमंत्री बघेल ने इस दौरान अपनी नई घोषणा को लेकर किए गए सवाल और विपक्ष के अंदाज को लेकर कहा कि प्रदेश के किसानों के जीवन में बदलाव आएगा। सीएम बघेल ने कहा कि उनकी सरकार ने अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल की जगह 20 क्विंटल धान खरीदने का फैसला लिया है, जिसकी घोषणा कर दी गई है। सीएम बघेल ने कहा कि समर्थन मूल्य के तहत प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदने से राज्य के 25 लाख किसानों को इसका फायदा मिलेगा। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ ही प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
 

विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश में 15 सालों तक उनकी सरकार रही, लेकिन तब उन्हें प्रदेश और किसानों की चिंता नहीं होती थी। आज किसान सक्षम हो रहा है, उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आ रहा है, तो उनकी तकलीफ बढ़ रही है। वे दिल्ली जाकर किसानों का हक मारना चाह रहे हैं, लेकिन उनकी सरकार किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देगी।