रायपुर

महाविद्यालयीन अतिथि व्याख्याता समूह के सदस्यों ने... सीएम बघेल के पुत्र से की मुलाकात... आश्वस्त होकर लौटे सदस्य

रायपुर/भिलाई। छत्तीसगढ़ के विभिन्न महाविद्यालयों में सालों से सेवाएं दे रहे अतिथि व्याख्याता आज भिलाई 3 स्थित मुख्यमंत्री निवास पहुंचे थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार 3 अप्रैल को उन्हें अपने निजी निवास कार्यालय में मिलने के लिए वक्त दिया था। हालांकि आज सूरत प्रवास की वजह से सीएम बघेल ने अतिथि व्याख्याताओं की मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन उन्होंने सीएम बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल से मुलाकात कर उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया, जिस पर चैतन्य बघेल की ओर से उन्हें 7 अप्रैल को सीएम से मुलाकात कराने का आश्वासन मिला है। 
 
विदित है कि छत्तीसगढ़ के ज्यादातर महाविद्यालय रेगुलर प्राध्यापकों की कमी से जूझ रहा है। जहां पर रेगुलर प्राध्यापक हैं भी, तो सभी कक्षाओं को नियमित तौर पर नहीं लिया जा रहा है। ऐसे में अधिकांश महाविद्यालय अतिथि व्याख्याताओं के भरोसे ही है और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का भविष्य भी इन्हीं अतिथि व्याख्याताओं के भरोसे है। 
 

सालों से लगातार सेवा दे रहे इन अतिथि व्याख्याताओं ने कांग्रेस सरकार के समक्ष तीन मांगे रखीं हैं, ताकि वे अपनी सेवाओं को निर्बाध गति प्रदान कर सकें। इसमें सबसे पहली मांग है कि उन्हें सालभर की सेवा में रखा जाए, मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि और एकमुश्त भुगतान की व्यवस्था की जाए और उनकी सेवा सुरक्षित रहे तथा नई भर्ती 2019 में प्रभावित व्याख्याताओं को पुननिर्युक्ति प्रदान की जाए।